
झांसी। नव रात्रि के पहले दिन से महिला सुरक्षा सम्मान को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने मिशन शक्ति फेज 5 में महिला सुरक्षा पर फोकस रखने के निर्देश जारी किए है। मिशन शक्ति फेज 5 चरण में महिला सुरक्षा पर फोकस, ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को सुरक्षा के लिए महिला हेल्प लाइन की जानकारियां देकर जागरूकता अभियान चलाएंगे। मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश द्वारा कल दिनाँक 20.09.2025 को प्रदेशव्यापी मिशन शक्ति-5.0 चरण का वर्चुअल शुभारंभ किया गया। इस शुभारंभ के साथ ही मिशन शक्ति-5.0 को धरातल पर लागू करते हुए महिलाओं को और अधिक जागरूक करने, सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन की दिशा में की जा रही ठोस और प्रभावी कार्यवाही के क्रम में रविवार को जनपद झांसी में महिला पुलिस कर्मियों के माध्यम से बाइक रैली निकाली गई।
आयुक्त, झाँसी मण्डल, झाँसी विमल कुमार दुबे, पुलिस महानिरीक्षक, झाँसी परिक्षेत्र, झाँसी आकाश कुलहरि, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, झाँसी बीबीजीटीएस मूर्ति ने महिला सुरक्षा, स्वावलंबन एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से महिला थाना , झाँसी से उक्त बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर महिला सुरक्षा, स्वावलंबन एवं जन-जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि इस प्रकार की रैलियाँ समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ आत्मविश्वास भी बढ़ाती हैं। बाइक रैली में शामिल महिला पुलिस कर्मियों ने शहर के विभिन्न मार्गों से होकर नागरिकों को सुरक्षा और जागरूकता से संबंधित संदेश दिए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारीगण एवं अन्य पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।
मिशन शक्ति-5.0 का यह चरण 22 सितम्बर से 24 दिसम्बर-2025 तक लगातार संचालित होगा,और इस दौरान पुलिस अधिकारी सीधे महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनेंगे तथा उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करेंगे।
“महिला बीट अधिकारी अपने – अपने बीट क्षेत्र में भ्रमण कर महिलाओं को न केवल सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान करेंगी, बल्कि महिलाओं को आत्मविश्वास, सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में भी प्रेरित करेंगी। महिला सहायता केंद्रों पर महिलाओं की शिकायतों का तत्काल और प्रभावी निस्तारण किया जाएगा। झाँसी पुलिस का प्रयास है कि यह कार्यक्रम धरातल पर पूरी प्रभावशीलता के साथ महिलाओं तक पहुंचे।”
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा



