
झांसी। टहरौली में देर रात भारी बारिश से कच्चा मकान धराशाही हो गया। जिससे उसके अंदर सो रहा समाचार पत्र वितरक मलबे में दबने से घायल हो गया। चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग मौके पर दौड़े और मलबे में दबे युवक को निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के मुताबिक टहरौली के बड़ी माता मंदिर के पास रहने वाले मनोज विश्वकर्मा समाचार पत्र वितरक है। गत दिनों हुई भारी बारिश से उसके कच्चे मकान में दरारें पड़ गई थी। देर रात मनोज अपने मकान के अंदर सो रहा था। तभी अचानक उसका कच्चा खपरैल का मकान भरभरा कर गिर गया और उसी मलबे में मनोज दब गया। मनोज की चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग मौके पर आए और मलबे से मनोज को बाहर निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

