झांसी। युवा बच्चों को धर्म के बारे में ज्ञान और पहचान के साथ संस्कृति का ज्ञान देने के लिए झांसी में 4 दिसंबर से 14 दिसंबर तक विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। जिसमें पार्थिव शिवलिंग का निर्माण, शिव महापुराण, और बागेश्वर धाम पीठाधीश का दिव्य दरबार और श्री हनुमान की कथा का आयोजन होगा। यह जानकारी सदर विधायक पंडित रवि शर्मा ने पत्रकार वार्ता के दौरान पत्रकारों को दी।रविवार को सिद्धेश्वर मंदिर प्रांगण में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सदर विधायक पंडित रवि शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि झांसी के समूचे जन मानस की सुख, शांति, और समृद्धि के लिए धर्म, अध्यात्म और भारतीय सनातन संस्कृति के प्रति जन जन को जोड़ने तथा समूचे समाज में आध्यात्मिक चेतना का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से झांसी में 4 दिसंबर से दस दिनों तक दो भव्य धार्मिक आयोजनों का समायोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को देश के सुप्रसिद्ध संतों के श्री मुख से अध्यात्म कथा एवं धर्मोपदेश सुनने का अवसर प्राप्त होगा। इस धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कर रहे सदर विधायक पंडित रवि शर्मा ने बताया कि चार दिसंबर से 14 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन को बूढ़ा भोजला में किया जा रहा है। जिसमें चार दिसंबर से 10 दिसंबर तक सीहोर के अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संत प्रदीप मिश्रा द्वारा शिव महापुराण कथा का आयोजन, हजारों पार्थिव शिवलिंग का निर्माण, किया जाएगा। भगवान भोलेनाथ की शिव महिमा का वर्णन, भक्ति, श्रद्धा, सनातन परम्पराओं से जुड़े विभिन्न आयोजन होंगे। इसके साथ ही 11 दिसंबर से 14 दिसंबर तक बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेन्द्र शास्त्री द्वारा भगवान की कथा, और दिव्य दरबार लगाया जाएगा। उन्होंने झांसी के सभी माताओं, बहनों और बच्चों युवाओं से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है। इस दौरान पंडित हरिओम पाठक, पंडित सुमित उपाध्याय, व्यापारी नेता मन मोहन गैंडा सहित कई लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
Leave a Reply