झाँसी न्यूज़

साधु का भेष में धोखाधड़ी का खेल, महिलाओं की शिकायत पर मामले दर्ज, जांच शुरू

झांसी। हिंदू सनातन धर्म में अक्सर भगवा धारी, साधु को संत महात्मा की उपाधि देकर लोग उन्हें भगवान की तरह पूजते है, कई लोग प्रयास करते है कि साधु संतों के चरण उनके घर में पड़े जिससे घर स्वर्ग बन जाए। लेकिन ऐसे ही कुछ लोग साधु संत के भेष में छिप कर घरों में घुसकर अपराध कर रहे है। एक ऐसा ही मामला प्रकाश में आया है, जहां दो महिलाओं ने अलग अलग आरोप लगाते हुए एक साधु भेष धारी के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर लाखों रुपयों की धोखाधड़ी करने के आरोप में थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिलाओं के आरोपों में कितनी सच्चाई है, इसकी पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।जानकारी के मुताबिक गांधी घर टपरा निवासी श्रीमती अंजली पांडे ने न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में दिए शिकायती पत्र में बताया था कि महंत वैदेही बल्लभ शरण चेला आत्मजा राम दुलारी शरण का उनके घर आना जाना था। एक दिन महंत वैदेही बल्लभ शरण ने उसे बड़ागांव गेट बाहर स्थित बाबा का अटा पर एक जमीन दिलवाने की बात कहकर जमीन मालिक ओम प्रकाश गिरी से मुलाकात कराई। इस दौरान महंत वैदेही बल्लभ शरण ने उससे कहा कि जमीन दस लाख कीमत की है, पीड़िता ने आरोप लगाया कि महंत वैदेही बल्लभ शरण के कहे मुताबिक उसने ओम प्रकाश गिरी को आठ लाख रुपया दे दिया। इसके बाद जब उसने 11फरवरी 2026 को जब पीड़िता ने महंत से रजिस्ट्री कराने के लिए कहा तो उन्होंने गंदी गंदी गालियां देते हुए रुपए देने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी तथा परिवार के लोगों को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। वही गांधी घर टपरा निवासी श्रीमती शालिनी पांडे ने न्यायालय में दिए शिकायती पत्र में बताया कि एक जमीन का सौदा कराने के नाम पर महंत वैदेही बल्लभ शरण ने उनके ऑन लाइन पेमेंट और नकद लिया था। लेकिन रजिस्ट्री नहीं की। जब उसने रजिस्ट्री कराने के लिए कहा तो उसे धमकाया और कहा कि उनकी बहुत ऊपर तक पहुंच है, ज्यादा बोलोगी तो वह उनके परिवार को झूठे मुक़दमे में फंसा देंगे। न्यायालय ने मामले को गंभीरता से लेकर थाना शहर कोतवाली पुलिस को 14 सितंबर को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए थे। न्यायालय के आदेश पर आज थाना शहर कोतवाली पुलिस ने महंत वैदेही बल्लभ शरण और ओम प्रकाश गिरी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply