July 27, 2024

देर रात टॉलप्लाजा पर मारपीट, तोड़फोड़


झांसी। अक्सर गुंडई मारपीट के आरोपों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले टोल प्लाजा कर्मियों ने भाजपा नेता के रिश्तेदार की जमकर मारपीट की, अपने साथी की मारपीट देख बीच बचाव कर रहे लोगों में टोल कर्मियों से विवाद हो गया फिर दोनो पक्ष में जमकर मारपीट हुई और भाजपा नेताओं की गाडियां व टोल पर भी तोड़फोड़ की गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनो पक्षों को समझा बुझा कर चलता कर दिया। वही मारपीट में गंभीर रूप से घायल भाजपा नेता के रिश्तेदार को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के मुताबिक जनपद की सीमा से सटे मध्य प्रदेश के दिनारा में आयोजित एक शादी समारोह में झांसी से कई भाजपा नेता शामिल होने गए थे। रात करीब ढाई बजे सभी लोग करीब दो दर्जन से अधिक चार पहिया वाहनों से वापस झांसी लोट रहे। जैसे ही रक्सा टोल आया तो झांसी के भाजपा के कद्दावर नेता के रिश्तेदार से टोल कर्मियों की कहा सुनी हो गई। कहा सुनी इतनी बढ़ गई की भाजपा नेता के रिश्तेदार को गाड़ी से उतार कर पास में होटल के पास ले जाकर जमकर मारपीट की। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इधर पीछे से आ रहे अन्य भाजपाइयों ने यह नजारा देखा तो वह बीच बचाव करने लगे जिस पर टोल कर्मी उनसे भी उलझ पड़े और देखते ही देखते फिर दोनो पक्षों में जमकर मारपीट हुई इस दौरान दोनों ओर से बंदूके निकल आई और हवाई फायरिंग भी की गई। फिलहाल फायरिंग की घटना की पुष्टि किसी ने नहीं की। तभी घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनो पक्षों को अलग अलग करा कर मामले को शांत कराया। इधर दोनो पक्षों ने एक दूसरे की गाड़ी व टोल की तोड़फोड़ की। पुलिस ने दोनो पक्षों को शांत कराकर चलता कर दिया। बताया जा रहा मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल भाजपा के नेता के रिश्तेदार को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर रक्सा पुलिस से घटना में संबंध में जानकारी लेने के लिए उनके सरकारी नंबर पर फोन लगाया गया तो वह स्विच ऑफ था।

ये भी देखें