July 27, 2024

छेड़खानी का विरोध करने पर रसूखदारों ने महिला को पीटा हालत गंभीर, मेडिकल रेफर

झांसी। नाबालिग के साथ छेड़खानी का उलाहना देना महिला को महंगा पड़ गया। दबंग रसूखदारों ने महिला को लाठी डंडों से जमकर पीट पीट कर लहू लुहान कर दिया। घायल अवस्था में महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल रेफर कर दिया। वही मामला एक रसूखदार दबंग से जुड़ा होने पर पुलिस ने मामले को एनसीआर में दर्ज कर इतिश्री कर ली।जानकारी के मुताबिक सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के ब्रह्म नगर कॉलोनी निवासी महिला के साथ उसकी तेरह वर्षीय नतिनी रहती है। महिला आज दोपहर काम पर गई थी। तभी वहां पास में रहने वाले रसूखदार के भाई ने मौका पर उसकी नतिनी के साथ छेड़खानी कर उसके शोर मचाने पर वह भाग गया। जब महिला कालो अपने घर पहुंची तो नतिनी ने उसे पूरी घटना बताई। देर शाम महिला रसूखदार के घर उलाहना देने गई तो दबंग युवक व रसूखदार के परिजनों ने कालो पर लाठी डंडा से जमकर हमला कर दिया। बीच बचाव करने आई उसकी नतिनी और बहनों को भी जमकर पीट पीट कर लहू लुहान कर दिया। घायल अवस्था में कालो को जिला अस्पताल लाया गया जहां उसकी हालत गंभीर होने पर मेडिकल कोलेज रेफर कर दिया गया। वही रसूखदार के प्रभाव में आकर पुलिस ने इतने गंभीर मामले को मामूली एनसीआर में दर्ज कर इतिश्री करते हुए रसूखदार हमलावरों को बड़ी राहत की सांस दे दी। फिलहाल महिला और उसकी नतिनी घायल अवस्था में अस्पताल में हर किसी से न्याय मांग रही है।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा