
झांसी। भारी बारिश क चलते कच्चे मकान के धराशाही हो जाने पर मलबे में दबकर हुई महिला की मृत्यु की घटना और परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए सदर विधायक पंडित रवि शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त कर जिला अधिकारी से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
नगर विधायक रवि शर्मा ने पुरानी पसरट की चूड़ी वाली गली में क्षतिग्रस्त मकान के ढह जाने से हुई जनहानि पर आर्थिक सहायता प्रदान कराये जाने के लिए जिलाधिकारी, झाँसी को लिखा पत्र।
उन्होंने बताया कि हाल ही में झाँसी महानगर के पुरानी पसरट स्थित चूड़ी वाली गली में दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को एक क्षतिग्रस्त मकान अचानक ढह जाने के कारण मुकेश हयारण के गम्भीर घायल होने तथा उनकी पत्नी श्रीमती सूरज देवी की मृत्यु हो जाने की हृदयविदारक घटना अत्यन्त दुःखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।
नगर विधायक ने लिखा कि वह स्वयं घटना स्थल पर निरीक्षण करने गये थे तो बताया गया कि उक्त दम्पत्ति द्वारा पूर्व में प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत आवास हेतु आवेदन किया जा चुका है, जिसे उक्त परिवार को अविलम्ब आवण्टित किया जाना अति आवश्यक है, जिससे परिवार को उक्त संकट से उबारा जा सके।
उपर्युक्त के अतिरिक्त उक्त दुःखद घटना को दृष्टिगत रखते हुए नगर विधायक ने जिलाधिकारी कोष से मृतका श्रीमती सूरज देवी एवं घायल मुकेश हयारण के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने हेतु पत्राचार किया ताकि पीड़ित परिवार को इस कठिन परिस्थिति में राहत मिल सके।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

