
झांसी। कांशीराम कॉलोनी में देर रात असमाजिक तत्वों द्वारा भगवान की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस घटना से आज सुबह क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नई प्रतिमाओं को स्थापित करा कर मामला शान्त कराया। वही मौके पर पहुंचे राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी में स्थित मंदिर में लगी भगवान की प्रतिमा देर रात असमाजिक तत्वों द्वारा खंडित कर क्षतिग्रस्त कर दी। इसकी जानकारी क्षेत्रवासियों को आज सुबह उस समय हुई जब महिलाएं मंदिर में पूजा अर्चना करने गई। मंदिर में रखी भगवान की प्रतिमा क्षतिग्रस्त देख महिलाएं पुरुष भड़क गए। सभी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थाना सीपरी बाजार पुलिस और क्षेत्राधिकारी नगर मौके पर पहुंच गए। इधर सूचना पर राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अड़जरिया और उनके कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त करने वाले असमाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस से कार्यवाही की मांग की। वही पुलिस प्रशासन ने तत्काल नई प्रतिमाएं स्थापित कराकर मामला शान्त कराया। वही पुलिस ने शिकायत कर्ताओं से शिकायती पत्र लेकर असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्यवाही के लिए उनकी तलाश शुरू कर दी है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

