झांसी। कानपुर झांसी राजमार्ग पर तड़के छह बजे सवारियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटने से अफरा तफरी का माहौल बन गया और चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सब्जी घायलों को उपचार के लिए पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। क्रेन मंगवा कर बस को खड़ी करवा कर बाधित यातयात सुचारू कराया।
जानकारी के मुताबिक इंदौर से लखनऊ जा रही यात्रियों से भरी बस क्रमांक बीआर 02 पीसी 5260 जैसे ही मोठ थाना क्षेत्र के कानपुर बाईपास पर पहुंची तभी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे उसमे सवार यात्री शिवा भट्ट लखनऊ निवासी, बस चालक अजीत निवासी धौलपुर राजस्थान, ओम ठाकुर सहित कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद वहां चीख पुकार मच गई। सूचना पर तत्काल मोठ थाना पुलिस पहुंची और घायलों को उपचार के लिए पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
मोठ थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गाय के सामने आने पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे उसमे सवार आधा दर्जन लोगों को हल्की चोट आई थी सभी को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। सभी अपना उपचार कराकर अपने अपने घर चले गए है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

