झांसी। एसएसपी विकास कुमार के निर्देशन में अपराध की रोकथाम और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुठभेड़ के दौरान शातिर चोर और उसके साथी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हजारों की नकदी, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद कर ली है। मुठभेड़ में शातिर चोर के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया वही उसका दूसरा साथी ने पुलिस के सामने समर्पण कर दिया था। पुलिस और बद्ध के बीच हुई मुठभेड़ की सूचना मिलने पर पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।शनिवार को एसपी सिटी प्रीति सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 28/29 अगस्त की रात में ग्राम इमलिया निवासी गल्ला व्यापारी रामकुमार पटेल तथा केहर पटेल के खेत से अज्ञात चोर गल्ला, डायनेमो का तार,पीतल की चिड़िया आदि चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में थाना उलदन में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई थी। एसएसपी विकास कुमार के निर्देशन में अपराध की रोकथाम और अपराधियों पर कार्यवाही करने के चलाए जा रहे अभियान के तहत उलदन थाना पुलिस देर रात गश्त पर थी तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति बाइक से बंगरा से पलरा जाने वाले मार्ग पर गुजर रहे है। इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। बाइक सवारों ने पुलिस को देख भागने का प्रयास करते हुए तमंचों से फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी घेराबंदी कर अपनी बंदूक से जवाबी फायरिंग की जिसमें पुलिस की बंदूक से निकली एक गोली बाइक सवार जिला उरई के पटेल नगर निवासी शरीफ शाह के पैर में जा लगी जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा वही उसका दूसरा साथी जालौन के तोपखाना निवासी सलीम शाह ने पुलिस के सामने समर्पण कर दिया। पूछताछ में दोनों ने गल्ला व्यापारी रामकुमार पटेल, केहर पटेल के खेत से चोरी करने का जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी का माल बेच दिया था। पुलिस ने दोनों के कब्जे माल के बेची गई रकम आठ हजार पांच सौ रुपए, घटना में प्रयुक्त बाइक, दो तमंचे, कारतूस खोखा और जिंदा बरामद कर घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया वही उसके साथी को हिरासत में ले लिया।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
