
झांसी। मध्यप्रदेश के ओरछा से झांसी आई कांवड़ यात्रा में विशाल जन समूह उमड़ पड़ा। डीआईजी और कमिश्नर ने हेलीकॉप्टर से फूल वर्षा कर कांवड़ यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान कांवड़ यात्रा में रानी लक्ष्मी, महादेव, भारत माता, के स्वरूप की झांकी ने मन मोह लिया।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ओरछा नदी से जल लाकर ग्वालियर रोड सिद्धेश्वर मंदिर तक जाने वाली कांवड़ यात्रा इस बार गुरुवार को बड़े ही धूमधाम से निकाली गई। कांवड़ यात्रा में शामिल महिलाएं ओरछा से जल लेकर पैदल झांसी पहुंची। कांवड़ यात्रा में हजारों महिलाएं अपने सर पर जल भरा कलश लेकर चल रही थी। आगे आगे एसपी सिटी प्रीति सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल चल रहा था। महिलाओं के अलावा भारी संख्या में पुरुष भी कांवड़ लेकर चल रहे थे। इस विहंगम विशाल रैली के झांसी पहुंचते ही जेल चौराहे से लेकर सिद्धेश्वर मंदिर तक हेलीकॉप्टर से डीआईजी झांसी, और कमिश्नर झांसी ने कांवड़ियों पर फूलों से वर्षा कर सभी का स्वागत किया। कांवड़ यात्रा में भगवान महादेव, रानी लक्ष्मी बाई, भारत माता, राम लक्ष्मण के स्वरूप चल रहे थे। कांवड़ यात्रा में हजारों की भीड़ बम बम भोले के जयकारों के नारे लगाते हुए चल रहे थे। इस यात्रा में बबीना विधायक राजीव सिंह परीक्षा, सिद्धेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित हरिओम पाठक सहित कई भाजपाई और समाजसेवी मौजूद रहे। कांवड़ यात्रा का जगह जगह स्वागत हुआ। कांवड़ यात्रा में डीजे की धुन पर कांवड़िए बम बम भोले के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

