झांसी। पुलिस विभाग में कार्यरत सिपाही, कांस्टेबल एवं हेड कांस्टेबल के सम्मान, गरिमा और मनोबल को लेकर जन कल्याण समिति ने एक जन-जागरूकता पहल शुरू की है। समिति के अध्यक्ष अनिकेत मिश्रा ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, अपर मुख्य सचिव (गृह) तथा पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश को पत्र भेजकर पुलिसकर्मियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किए जाने की अपील की है।
समिति की ओर से कहा गया है कि किसी भी कांस्टेबल अथवा हेड कांस्टेबल को उसके वरिष्ठ अधिकारी, प्रभारी अधिकारी या रिपोर्टिंग अधिकारी के समक्ष अनावश्यक रूप से खड़ा न रखा जाए। उसे सम्मानपूर्वक बैठाकर उसकी बात सुनी जाए और आवश्यक कार्रवाई की जाए।
अनिकेत मिश्रा ने कहा कि पुलिस विभाग की मजबूत नींव सिपाही और हेड कांस्टेबल हैं, जो प्रतिदिन जमीनी स्तर पर कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाते हैं। उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार से मनोबल बढ़ेगा, संवाद बेहतर होगा और पुलिस व्यवस्था में जनता का विश्वास भी मजबूत होगा।
समिति ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा पुलिस विभाग में “सम्मानपूर्ण व्यवहार, बेहतर संवाद और मानवीय कार्यसंस्कृति” को बढ़ावा देने की अपील की है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

