
झांसी। सांसद अनुराग शर्मा का सेवा संकल्प झाँसी में फिर लौटेगी बच्चों के चेहरों पर मुस्कान 30 अगस्त को स्क्रीनिंग एवं 1 से 6 सितंबर तक प्रस्तावित होंगी 75-80 निःशुल्क सर्जरी कई देशों से आएंगे अंतरराष्ट्रीय चिकित्सक एवं नर्सिंग वॉलंटियर्स
जन्मजात कटे होंठ एवं तालु की समस्या से पीड़ित मरीजों को बेहतर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झाँसी में एक बार फिर निःशुल्क सर्जिकल शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर श्रीमती पूनम पूनम शर्मा के वीरांगना फाउंडेशन, ऑपरेशन स्माइल इंडिया एवं महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झाँसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।
बुधवार को मेडिकल कॉलेज गेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद अनुराग शर्मा ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत 30 अगस्त 2026 को लगभग 120 मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके पश्चात 1 सितंबर से 6 सितंबर 2026 तक लगभग 75 से 80 मरीजों की निःशुल्क सर्जरी प्रस्तावित है। अब तक लगभग 60-65 मरीजों का पंजीकरण एवं चिन्हांकन किया जा चुका है। ये मरीज उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं राजस्थान के लगभग 15-17 जिलों से हैं।
फरवरी 2024 में मिली थी बड़ी सफलता
इससे पूर्व फरवरी 2024 में आयोजित सर्जिकल शिविर में 220 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई थी, जिसमें 113 मरीजों की सफल सर्जरी की गई। इस शिविर में 16 देशों के 32 चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दी थीं। पिछले शिविर की सफलता और मरीजों की आवश्यकता को देखते हुए इस बार भी बड़े स्तर पर इस सेवा अभियान का आयोजन किया जा रहा है।
10 देशों से आएंगे अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ
झांसी। सांसद अनुराग शर्मा ने बताया कि इस बार शिविर में Mexico, Peru, USA, Congo, Netherlands, UK, Canada, Australia, Malawi एवं Philippines से अंतरराष्ट्रीय चिकित्सक एवं नर्सिंग वॉलंटियर्स सहभागिता करेंगे। अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों एवं चिकित्सा टीम के सहयोग से मरीजों की स्क्रीनिंग, उपचार एवं सर्जरी की जाएगी।
मरीजों के लिए निःशुल्क उपचार के साथ आने जाने और ठहरने की निःशुल्क व्यवस्था
शिविर में पात्र मरीजों को निःशुल्क जाँच, ऑपरेशन, आवश्यक दवाइयाँ एवं अन्य चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए सांसद अनुराग शर्मा द्वारा आने जाने की की निःशुल्क व्यवस्था के साथ ही मेडिकल में संचालित धर्मशाला में निःशुल्क रहने एवं ठहरने की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर इलाज के साथ रहने का अतिरिक्त भार न पड़े।झाँसी एवं बुंदेलखंड के लिए महत्वपूर्ण पहल
इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि जन्मजात कटे होंठ एवं तालु की समस्या से प्रभावित बच्चों को बेहतर जीवन और आत्मविश्वास प्रदान करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। आर्थिक कठिनाइयों के कारण कोई बच्चा उपचार से वंचित न रहे, इसी भावना के साथ यह सेवा अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों का झाँसी आकर मरीजों की सेवा करना पूरे बुंदेलखंड के लिए गौरव की बात है। ऐसे सेवा अभियानों को आगे भी निरंतर बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने वीरांगना फाउंडेशन, ऑपरेशन स्माइल इंडिया, महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, देश-विदेश से आने वाले चिकित्सकों एवं नर्सिंग वॉलंटियर्स के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
सांसद अनुराग शर्मा ने जनसामान्य से अपील करते हुए मीडिया के माध्यम से कहा कि
ऐसे सभी अभिभावक जिनके बच्चे जन्मजात कटे होंठ या तालु की समस्या से पीड़ित हैं, वे इस निःशुल्क शिविर का लाभ उठाएं। समाज के लोग भी अपने आसपास ऐसे जरूरतमंद बच्चों एवं परिवारों को शिविर की जानकारी देकर उन्हें उपचार के लिए प्रेरित करें।
उद्देश्य स्पष्ट है-आर्थिक अभाव किसी बच्चे की मुस्कान और बेहतर भविष्य के रास्ते में बाधा न बने।
प्रमुख जानकारी
झांसी। सांसद अनुराग शर्मा ने प्रमुख जानकारी देते हुए बताया कि स्क्रीनिंगः 30 अगस्त 2026,प्रस्तावित सर्जरीः 1 सितंबर से 6 सितंबर 2026 छात्र लक्ष्यः लगभग 120 रोगी
प्रस्तावित सर्जरीः लगभग 75-80
सांसद अनुराग शर्मा ने बताया कि अब तक पंजीकृत/चिन्हितः लगभग 60-65 मरीज, मरीजों के क्षेत्रः उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं राजस्थान के लगभग 15-17 जिले उपचारः मुफ़्त,मरीजों एवं परिजनों के लिए ठहरने की व्यवस्थाः निःशुल्क धर्मशाला।
अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ डॉक्टर टीम
झांसी। निशुल्क सर्जरी करने के लिए दस देशों के सर्जन आयेंगे जो इस प्रकार है। सर्जन: डॉ. लुइस रोड्रिगो रेनोसो रियोस – मेक्सिको, एनेस्थेसियोलॉजिस्ट: डॉ. एंजेला अर्गुमे – पेरू, एनेस्थेसियोलॉजिस्ट: डॉ. इगोर बुलातोव – संयुक्त राज्य अमेरिका, एनेस्थेसियोलॉजिस्ट: डॉ. मुटोम्बो न्गोंडो स्टेफेन, लोकतांत्रिक गणराज्य, कांगो (डीआरसी), PACU चिकित्सक: डॉ. एनेमीके मीदामा – नीदरलैंड, बाल रोग विशेषज्ञ: डॉ. एलेक्सी पुरान – संयुक्त राज्य अमेरिका
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

