
झांसी। मोठ थाना पुलिस ने गत दिवस हुई फाइनेंस कर्मचारी के साथ लूट की घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने लूट की सूचना देने वाले कर्मचारी को गिरफ्तार कर खुलासा करते हुए बताया कि लूट की सूचना फर्जी दी थी क्योंकि कर्मचारी फाइनेंस कंपनी के रुपए ऑन लाइन गेमिंग में हार चुका था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक जिला जालौन के उरई कैथेरी गांव निवासी विकास कुमार ने गत रोज डायल 112 पर सूचना देते हुए बताया था कि वह माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है। उसे मोठ थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने मारपीट कर 35 हजार 7 सौ रुपए और मोबाइल फोन लूट लिया है। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने सूचना देने वाले कर्मचारी विकास से गहराई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 15 जुलाई से 12 अगस्त तक वह ऑन लाइन गेमिंग खेलने के दौरान दो लाख दस हजार और कंपनी के 35 हजार सात सौ रूपये हार गया था। इसलिए उसने बचने के लिए यह झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने आरोपी विकास के खिलाफ पुलिस को गुमराह कर लूट की झूठी सूचना देने के आरोप में मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

