Home Uncategorized बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के 31वें दीक्षांत समारोह के लोगो का हुआ भव्य अनावरण

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के 31वें दीक्षांत समारोह के लोगो का हुआ भव्य अनावरण

44
0

 

झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी में आयोजित होने वाले 31वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों के क्रम में आज कुलपति प्रोफेसर मुकेश पांडेय, कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार, वित्त अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह द्वारा समारोह के आधिकारिक लोगो का अनावरण किया गया। यह लोगो विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, गौरवशाली परंपरा, ज्ञान, नवाचार तथा विद्यार्थियों की उपलब्धियों का प्रतीक है। लोगो अनावरण के साथ ही दीक्षांत समारोह की तैयारियों को औपचारिक रूप से नई गति प्रदान की गई।

इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी भी विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण अवसर होता है। यह केवल उपाधि प्रदान करने का आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के वर्षों के परिश्रम, समर्पण एवं उपलब्धियों का उत्सव है। उन्होंने कहा कि 31वें दीक्षांत समारोह का लोगो विश्वविद्यालय की समृद्ध विरासत, गुणवत्ता-आधारित शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की ओर निरंतर अग्रसर रहने और समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।

कुलसचिव ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा 31वें दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियाँ सुनियोजित एवं चरणबद्ध तरीके से की जा रही हैं। समारोह को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जो अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर रही हैं। विश्वविद्यालय अपने 51वें वर्षगांठ में 31वा दीक्षांत समारोह आयोजित करने जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज होगा।

लोगो समिति के अध्यक्ष प्रो मुन्ना तिवारी ने बताया कि लोगो की संकल्पना में शिक्षा, ज्ञान, संस्कृति, नवाचार तथा युवा शक्ति के समन्वय को विशेष महत्व दिया गया है। यह लोगो विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र के समग्र विकास में उनकी भूमिका का भी प्रतीक है।

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के अधिकारीगण, अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने 31वें दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए इसे विश्वविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी आयोजन बनाने का संकल्प दोहराया।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here