Home Uncategorized कारगिल विजय दिवस राष्ट्र के वीर सपूतों के अदम्य साहस, शौर्य और...

कारगिल विजय दिवस राष्ट्र के वीर सपूतों के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम का प्रतीक : जिलाधिकारी

43
0

झाँसी। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आज जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, झाँसी में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी झाँसी गौरांग राठी ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिक सदैव राष्ट्र के प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनका त्याग, समर्पण एवं बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस राष्ट्र के वीर सपूतों के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है तथा देशवासी सदैव उनके ऋणी रहेंगे।
कार्यक्रम का संचालन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमाण्डर महेश कुमार श्रीवास्तव (अ.प्र.) तथा सूबेदार संजय कुमार शुक्ला के संरक्षण में संपन्न हुआ।
समारोह के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं उपस्थित गणमान्य अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
समारोह में प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक संगठन सहित अनेक वरिष्ठ पूर्व सैनिक, वीर नारियाँ, एनसीसी कैडेट्स, आजाद हिन्द फौज के प्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here