झांसी। मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित पीतांबरा हॉस्पिटल की छत पर जबरन दुष्कर्म करने के आरोप में मध्यप्रदेश की युवती ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए विवेचना झांसी पुलिस को स्थानांतरित कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मध्यप्रदेश के जिला निवाड़ी निवासी युवती ने निवाड़ी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह 17 जुलाई 2026 को अपने घर से निवाड़ी बाई पास स्थित एक कॉलेज में टेस्ट देने गई थी। वहां से घर जाते समय रास्ते में निवाड़ी के ग्राम चुरारा गांव निवासी युवक प्रीतम कुशवाह मिला जो उसे जबरन बाइक पर बैठा कर अपने साथ झांसी ले आया। यहां वह उसे किसी बहाने से पीतांबरा हॉस्पिटल की छत पर ले गया। जहां युवक ने उसे धमका कर जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया और वहां से अपने साथी को बुलाकर उसे पुलिया नंबर नौ छुड़वा दिया। किसी प्रकार युवती ने फोन के माध्यम से अपने परिजनों को सूचना दी और घर पहुंची। निवाड़ी पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना करते हुए घटना स्थल झांसी का होने पर विवेचना झांसी के नवाबाद थाना को स्थानांतरित कर दी है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

