
झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत खिलौना सिनेमा के नजदीक बने मेड किचिन रेस्टोरेंट पर अज्ञात बदमाशों ने खाना खा रहे एक युवक के सर में तमंचे से गोली मार दी। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सहित नवाबाद थाना और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गई।
जानकारी के मुताबिक गुरसराय निवासी संजय यादव अपने साथियों के साथ इलाईट चौराहा स्थित खिलौना सिनेमा के नजदीक बने मेड किचिन रेस्टोरेंट में रात करीब नौ बजे खाना खाने गया था। इसी दौरान एक युवक आया ओर तमंचे से सटा कर उसकी कनपटी पर गोली मार दी। गोली चलते ही रेस्टोरेंट में भगदड़ मच गई। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति सहित नवाबाद थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गोली लगने से घायल संजय यादव को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि अभी घायल का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। जांच पड़ताल और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से ज्ञात हुआ है कि हमलावर दो लोग थे। एक रेस्टोरेंट के बाहर बाइक पर था। दूसरा युवक अकेले ही रेस्टोरेंट में आया और सटा कर गोली मारी। उन्होंने कहा जल्द ही घटना का खुलासा होगा ओर हमलावर पकड़े जाएंगे। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए स्वाट, नवाबाद सहित पुलिस की तीन टीम गठित कर दी है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

