Home Uncategorized नगर विधायक रवि शर्मा की पहल रंग लाई, झाँसी में स्थापित होगा...

नगर विधायक रवि शर्मा की पहल रंग लाई, झाँसी में स्थापित होगा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज

48
0

झाँसी। नगर आगमन के दौरान नगर विधायक रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को झाँसी में होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना के संबंध में एक पत्र सौंपा था। अपने पत्र में उन्होंने उल्लेख किया था कि बुंदेलखंड क्षेत्र के विद्यार्थियों को होम्योपैथिक चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के लिए अन्य जनपदों अथवा राज्यों का रुख करना पड़ता है। यदि झाँसी में होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना होती है, तो हजारों विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

नगर विधायक ने अपने पत्र में यह भी अवगत कराया था कि रुद्र बलौरा क्षेत्र में आयुष विभाग द्वारा आवश्यक भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है, जिससे परियोजना के शीघ्र प्रारंभ होने की संभावनाएँ प्रबल हैं। उन्होंने इससे पूर्व भी कई अवसरों पर झाँसी में होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस मांग को प्रमुखता से उठाया था। उनकी यह सतत पहल अब सफल होती दिखाई दे रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से किए गए आग्रह के क्रम में राष्ट्रीय आयुष मिशन की गवर्निंग बॉडी की बैठक में महत्वपूर्ण कार्ययोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस निर्णय के अंतर्गत झाँसी में नया होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, अस्पताल तथा आयुष डिस्पेंसरी स्थापित किए जाएंगे।

यह स्वीकृति केवल एक नई संस्था की स्थापना तक सीमित नहीं है, बल्कि झाँसी और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की स्थापना से आम नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध होंगी। साथ ही आयुष चिकित्सा पद्धति का विस्तार होगा, जिससे लोगों को समग्र एवं वैकल्पिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

यह परियोजना चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी। अब झाँसी एवं पूरे बुंदेलखंड के विद्यार्थियों को होम्योपैथिक चिकित्सा शिक्षा के लिए दूसरे शहरों या राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होने से युवाओं को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे तथा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

यह निर्णय झाँसी के समग्र विकास, स्वास्थ्य अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। समस्त झाँसी वासियों की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया जाता है। साथ ही नगर विधायक रवि शर्मा के सतत प्रयासों और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का यह सकारात्मक परिणाम झाँसी के विकास में एक नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है। आशा है कि यह पहल झाँसी को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के साथ-साथ पूरे बुंदेलखंड के विकास को भी नई गति प्रदान करेगी।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here