Home Uncategorized वामा सारथी के तत्वाधान में महिलाओं एवं बच्चों हेतु जूडो-कराटे आत्मरक्षा प्रशिक्षण...

वामा सारथी के तत्वाधान में महिलाओं एवं बच्चों हेतु जूडो-कराटे आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित

17
0

झांसी। सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण एवं बाल सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन ग्राउंड, झांसी में पुलिस परिवारों की महिलाओं एवं बच्चों के लिए जूडो-कराटे आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आत्मरक्षा से संबंधित विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा महिलाओं एवं बच्चों को जूडो-कराटे की मूलभूत तकनीकों, संकट की परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, आत्मविश्वास के साथ स्वयं की सुरक्षा तथा विपरीत परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में आत्मरक्षा कौशल के महत्व एवं उसकी उपयोगिता से भी अवगत कराया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आत्मरक्षा केवल शारीरिक सुरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, साहस एवं आत्मनिर्भरता का भी प्रतीक है। वर्तमान परिवेश में महिलाओं एवं बच्चों को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करना समय की आवश्यकता है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम उनमें सुरक्षा बोध विकसित करने के साथ-साथ मानसिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वामा सारथी द्वारा पुलिस परिवारों के कल्याण, महिला उत्थान एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 14 जून 2026 से 21 जून 2026 तक आयोजित किए जा रहे विशेष जूडो-कराटे आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत प्रतिदिन प्रशिक्षण सत्र संचालित किए जा रहे हैं, जिसमें महिलाओं एवं बच्चों को आत्मरक्षा संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिभागियों में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को नियमित अभ्यास करने तथा आत्मरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित महिलाओं एवं बच्चों ने प्रशिक्षण शिविर को उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here