
झांसी। ग्वालियर रोड शिवानी होटल तिराहे पर बीते रोज देर रात चाचा भतीजे पर धारदार हथियारों से हमला कर भतीजे की हत्या करने वाले दो आरोपियों को देर रात थाना सीपरी बाजार पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की बंदूक से निकली गोली एक आरोपी के पैर में जा लगी जिससे वह घायल हो गया। दूसरे आरोपी ने पुलिस के सामने समर्पण कर दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचा कारतूस बरामद कर लिए है।
जानकारी के मुताबिक शिवानी होटल तिराहा निवासी श्रीमती सुमन कुशवाह ने थाना सीपरी बाजार में शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि पुरानी रंजिश के चलते होटल शिवानी के मालिक आनंद यादव, उसके साथी शेर सिंह, रघु उर्फ रघुवीर, चिंगारा आदि ने उसके पति गौरीशंकर ओर चाचा मुरारी पर देर रात जान से मारने की नीयत से धारदार हथियारों से हमला कर दिया। जिसमें उसके पति की मृत्यु हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तत्काल होटल शिवानी के मालिक आनंद यादव ओर उसके एक साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वही एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने थाना सीपरी बाजार पुलिस को वांछित चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के तत्काल निर्देश दिए थे। एसएसपी के निर्देशन पर देर रात थाना सीपरी बाजार पुलिस वांछित की तलाश में लगी थी तभी दो संदिग्ध पुलिस को देख भागने लगे। पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो एक संदिग्ध ने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की जिससे बंदूक से चली एक गोली संदिग्ध के पैर में जा लगी ओर वह घायल हो गया। वही दूसरे ने पुलिस के सामने समर्पण कर दिया। पूछताछ में पकड़े गए दोनों संदिग्धों ने अपने नाम रघु उर्फ रघुवीर ओर चिंगारा बताया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी गौरीशंकर हत्याकांड में फरार चल रहे थे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

