
झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा के नेतृत्व में आज मंडलीय रेलवे हॉस्पिटल, झांसी में U-WIN (Universal Immunization Program) पोर्टल के माध्यम से बच्चों के टीकाकरण की डिजिटल व्यवस्था का शुभारंभ किया गया। इस पहल के माध्यम से अब बच्चों के टीकाकरण का रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा, जिससे टीकाकरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और सुगम बन सकेगी।
U-WIN पोर्टल भारत सरकार की एक महत्त्वपूर्ण डिजिटल स्वास्थ्य पहल है, जिसका उद्देश्य बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण कार्यक्रम को तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाना तथा प्रत्येक लाभार्थी का केंद्रीकृत डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना है। इस पोर्टल की विशेषता यह है कि बच्चे का टीकाकरण देश में कहीं भी उपलब्ध केंद्र पर करवाया जा सकता है और उसका पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा।
यह पोर्टल उन बच्चों और गर्भवती महिलाओं की पहचान करने में भी सहायक सिद्ध होगा, जो किसी कारणवश नियमित टीकाकरण से वंचित रह गए हैं। इस पहल को विभिन्न जिलों में लागू किया गया है, जिससे स्वास्थ्य अधिकारियों को टीकाकरण अभियान को अधिक प्रभावी बनाने और शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने में सहायता मिल रही है। इसके परिणामस्वरूप टीकाकरण व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है।
U-WIN पोर्टल के अंतर्गत 6 वर्ष तक के बच्चों का पंजीकरण आधार जैसी सरकारी पहचान एवं मोबाइल नंबर के माध्यम से किया जा सकेगा। एक बार पंजीकरण होने के बाद यह प्लेटफॉर्म बच्चों के लिए आवश्यक 25 टीकों तथा गर्भवती महिलाओं हेतु निर्धारित 2 टीकों की निगरानी एवं रिकॉर्ड सुरक्षित रखेगा। इससे एक वर्चुअल टीकाकरण रिकॉर्ड तैयार होगा, जो भविष्य में भी आसानी से उपलब्ध रहेगा।
इस पोर्टल की एक प्रमुख विशेषता QR आधारित डिजिटल टीकाकरण प्रमाण पत्र है, जिसे पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से प्राप्त किया जा सकेगा। यह प्रमाण पत्र प्रत्येक टीकाकरण की जानकारी को रंग-कोडित स्वरूप में प्रदर्शित करेगा, जिससे अभिभावकों को टीकाकरण की स्थिति समझने में सुविधा होगी।
U-WIN प्लेटफॉर्म माता-पिता को स्वयं पंजीकरण करने तथा अपनी सुविधा के अनुसार देशभर में किसी भी उपलब्ध टीकाकरण केंद्र पर बच्चों का टीकाकरण कराने की सुविधा प्रदान करता है। यह प्लेटफॉर्म 11 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध होगा, जिससे अधिकाधिक लोगों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित की जा सके।
इस पोर्टल के माध्यम से गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को 12 रोकथाम योग्य बीमारियों के विरुद्ध निःशुल्क टीकाकरण उपलब्ध कराया जाएगा। इनमें डिप्थीरिया, काली खांसी (परटुसिस), टेटनस, पोलियो, खसरा, रूबेला, गंभीर बचपन की तपेदिक, रोटावायरस जनित दस्त, हेपेटाइटिस-बी, मेनिनजाइटिस, हिमोफिलस इन्फ्लुएंजा टाइप-बी तथा न्यूमोकोकल निमोनिया जैसी गंभीर बीमारियां शामिल हैं।
मंडलीय रेलवे हॉस्पिटल, झांसी में U-WIN पोर्टल की शुरुआत स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है, जो बच्चों एवं मातृ स्वास्थ्य सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

