Home Uncategorized रोजगार सृजन की दिशा में केंद्र सरकार निरंतर कर रही कार्य :...

रोजगार सृजन की दिशा में केंद्र सरकार निरंतर कर रही कार्य : केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद

22
0

 

झांसी। रेल मंडल द्वारा झांसी स्थित पंडित दीनदयाल सभागार में 19वें प्रधानमंत्री रोजगार मेले का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर रेल मंत्रालय सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 51,000 से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने नवनियुक्त अभ्यर्थियों से निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण भाव से कार्य करते हुए देश सेवा में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी लोगों के जीवन को आसान बनाने का माध्यम ही होती है। आप जिस भी विभाग में काम करेंगे, वहां आपके व्यवहार, संवेदनशीलता और काम करने के तरीके का बहुत महत्व होगा। देश ने आप पर भरोसा किया है। अब ये जिम्मेदारी आपकी है कि आप अपने काम से, अपने आचरण से, अपनी वाणी से, अपने व्यवहार से, उस भरोसे को और मजबूती देंगे। देशवासियों के हृदय में एक नया विश्वास भर जाएगा, आपको मिलते ही वो नई आशा के साथ आगे बढ़ेगा, इसलिए हर युवा कर्मयोगी अपने काम को जिम्मेदारी की तरह देखे।आज सरकार के बाहु आप ही हैं, सरकार का सामर्थ्य आप ही हैं, जो पहले से सरकार में हैं वो भी हैं, जो नए आ रहे हैं वो भी हैं। आज भारत के लोगों की आकांक्षाएं बहुत बढ़ रही हैं, और मैं इसे विकास की पोजिटिव साइन मानता हूं। हमें अपने देश के लोगों की आकांक्षाओं को समझना भी है और उसके हिसाब से उतनी ही तेज गति से काम भी करना है। ऐसे में पब्लिक सर्विस में आने वाले युवाओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण हो गई है।

इससे पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री (कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन) जितेंद्र सिंह ने बताया कि, रोजगार मेला की शुरुआत 2023 में की गई थी। अभी तक 18 रोजगार मेलों का सकुशल आयोजन किया गया है। इसके माध्यम से 12 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्तियां प्रदान की गई हैं।

झांसी में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री (वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय) जितिन प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ सांसद (झांसी-ललितपुर) अनुराग शर्मा, अपर महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे शशि प्रकाश द्विवेदी एवं मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में कुल 220 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए।

नियुक्ति-पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों में सर्वाधिक 196 अभ्यर्थी रेलवे विभाग से थे, जिनमें झांसी मंडल के 155 तथा प्रयागराज मंडल के 41 अभ्यर्थी सम्मिलित रहे। इसके अतिरिक्त भारतीय डाक विभाग, ईएसआईसी, आईटीबीपी तथा बैंकिंग सेवाओं सहित अन्य विभागों के 24 अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए।

नवनियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा रोजगार मेला इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह अभियान युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अभ्यर्थियों से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि जिस पारदर्शी प्रक्रिया से उन्हें रोजगार प्राप्त हुआ है, उसी पारदर्शिता को अपने कार्य व्यवहार में भी बनाए रखें।

इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को अवसर प्रदान करने और रोजगार सृजन को गति देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश सेवा का यह अवसर अत्यंत गौरवपूर्ण है और सभी को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि रोजगार प्राप्त करना प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। उन्होंने कहा कि अनेक अभ्यर्थी ऐसे हैं जो अपने परिवार अथवा गांव में सरकारी सेवा प्राप्त करने वाले प्रथम व्यक्ति हैं। आप सभी समाज में प्रेरणा के स्रोत बनेंगे तथा अपने कार्यों से अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ला, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) प्रेम प्रकाश शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार सहित अन्य अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here