Home Uncategorized ई-कार्ट से विश्वविद्यालय पहुँचे कुलपति, दिया स्वदेशी, ऊर्जा संरक्षण और हरित पर्यावरण...

ई-कार्ट से विश्वविद्यालय पहुँचे कुलपति, दिया स्वदेशी, ऊर्जा संरक्षण और हरित पर्यावरण का संदेश

65
0

झांसी। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में “मेरा भारत, मेरा योगदान” जन-अभियान के अंतर्गत माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की अपील पर ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं स्वदेशी अपनाने का प्रेरणादायी संदेश दिया गया।

 

कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ ई-कार्ट के माध्यम से विश्वविद्यालय कार्यालय पहुँचकर इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से विश्वविद्यालय ने समाज को ऊर्जा बचत, हरित पर्यावरण एवं आत्मनिर्भर भारत का सशक्त संदेश दिया।

 

कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान वैश्विक अनिश्चितताओं के दौर में आयात एवं विदेशी मुद्रा पर बढ़ते दबाव को कम करना समय की बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपनी जीवनशैली में छोटे-छोटे सकारात्मक परिवर्तन अपनाए, तो देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ऊर्जा संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग से पेट्रोल एवं डीज़ल की खपत में कमी आएगी, इससे न केवल विदेशी मुद्रा की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण भी स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनेगा।

 

विश्वविद्यालय एक व्यवहारिक मॉडल के रूप में समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहा है।

 

कुलपति ने विश्वविद्यालय के सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों से इलेक्ट्रिक व्हीकल अथवा बिना पेट्रोल-डीज़ल वाले वाहनों के अधिकाधिक उपयोग का आग्रह किया। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन सरकारी वाहनों में ईंधन की खपत कम करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएगा, ताकि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा दोनों उद्देश्यों को साथ-साथ आगे बढ़ाया जा सके।

उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं भी व्यक्तिगत रूप से इलेक्ट्रिक वाहन का उपयोग प्रारंभ कर दिया है तथा विवि में भी इसके प्रयोग को प्रोत्साहित करेंगे।

 

यह पहल आत्मनिर्भर भारत, हरित ऊर्जा अभियान एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी कदम मानी जा रही है।

 

इस अवसर पर ई-कार्ट में कुलपति के साथ निदेशक शोध डॉ. एसके चतुर्वेदी, निदेशक शिक्षा डॉ. अनिल कुमार, अधिष्ठाता डॉ. आरके सिंह, अधिष्ठाता उद्यानिकी एवं वानिकी डॉ. मनीष श्रीवास्तव, अधिष्ठाता मात्स्यिकी महाविद्यालय डॉ. पीके पाण्डेय तथा कुलसचिव डॉ एसएस कुशवाह भी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here