
झांसी। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में अपराध की रोकथाम ओर अपराधियों के खिलाफ की जा रही कार्यवाही के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत देर रात विश्विद्यालय चौकी पुलिस ने तीन शातिर लुटेरों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने तीनों के कब्जे से एक सप्ताह पूर्व जूस बेचने वाले से लूटी गई रकम ओर आधार कार्ड, सहित तमंचा कारतूस, पिस्टल ओर बाइक भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक तीन अप्रैल को मध्यप्रदेश के जिला दतिया सिजोरा निवासी मोहन सिंह अहिरवार ने थाना नवाबाद में सूचना देते हुए बताया था कि वह थाना नवाबाद क्षेत्र के मेडिकल कॉलेज गेट नंबर दो के सामने गन्ने के जूस का ठेला लगाता है। देर रात एक बाइक पर सवार तीन युवक आए ओर उसे पिस्टल अड़ा कर धमकाते हुए उसकी जेब से 16 हजार की नकदी ओर आधार कार्ड लूट कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु करते हुए लुटेरों की तलाश शुरू कर दी थी। चौकी विश्विद्यालय पुलिस देर रात अपराधियों की धरपकड़ में मामूर थी। तभी बसेरा फार्म के पीछे कच्चे रास्ते पर बाइक पर तीन संदिग्ध युवकों से आमना सामना हो गया। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का इशारा किया तो तीनों युवक बाइक से भागते हुए पुलिस टीम पर तमंचा, पिस्टल से फायर कर भागने लगे। पुलिस ने जवाबी फायरिंग कर घेराबंदी करते हुए तीनों को दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए तीनों संदिग्धों ने अपने नाम मध्यप्रदेश के जिला दतिया सरसई निवासी सौरभ समाधियां ओर बलराम यादव, तथा तीसरे ने अपना नाम भांडेर निवासी कपिल यादव बताया। पूछताछ में तीनों ने तीन अप्रैल को गन्ने के रस विक्रेता मोहन सिंह अहिरवार के साथ पिस्टल अड़ाकर लूटपाट करने की घटना को स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने ही की थी। लूट के 16 हजार रुपए उन्होंने आपस में बांट लिए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट के बचे हुए 7 हजार आठ सौ की नकदी ओर घटना में प्रयुक्त पिस्टल, तमंचा, कारतूस सहित बाइक बरामद कर ली। पूछताछ में तीनों ने बताया कि बरामद की गई बाइक घटना में प्रयुक्त की गई थी यह बाइक बड़ागांव थाना क्षेत्र के बिरगांव निवासी कृष्ण यादव की है, जिसे कपिल यादव मांग कर लाया था। पुलिस ने तीनों लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

