झांसी। जनपद के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक युवती की शिकायत पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि शादी तय होने के दौरान युवक ने युवती के साथ आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।
पुलिस के अनुसार, प्रेमनगर निवासी युवती की शादी अप्रैल 2025 में प्रतापगढ़ निवासी राकेश कुमार सरोज के साथ तय हुई थी। बातचीत और मुलाकातों के दौरान आरोपी ने युवती का अश्लील वीडियो बना लिया। इसी बीच आरोपी के परिजनों द्वारा दहेज की मांग की जाने लगी, जिसके चलते यह रिश्ता टूट गया।
पीड़िता का आरोप है कि शादी टूटने के बाद भी आरोपी लगातार संपर्क करता रहा और मिलने का दबाव बनाता रहा। जब युवती ने मिलने से इनकार किया, तो आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो उसकी सहेलियों और शिक्षक को भेज दिया। इतना ही नहीं, जहां दूसरी जगह युवती की शादी तय हुई, वहां भी वीडियो भेजकर रिश्ता तुड़वा दिया।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी ने युवती को स्टेशन बुलाकर धमकी दी कि यदि वह अपने पिता का साइन किया हुआ ब्लैंक चेक और घर के गहने लेकर नहीं आई, तो वह वीडियो को पूरी तरह वायरल कर देगा।
इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3), आईटी एक्ट की धारा 67 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं 3/4 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

