झांसी। देर रात चोरी की घटना को अंजन देने के आरोप में मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ आरोपी मेडिकल परीक्षण के दौरान पुलिस हिरासत से फरार हो गया। पुलिस ने उस टैक्सी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी जिससे आरोपी गांधीघर टपरे तक गया था।
जानकारी के मुताबिक उन्नाव गेट मेवाती पुरा निवासी महिला उमा देवी वर्ना के घर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले शातिर आरोपी मध्यप्रदेश के जिला दतिया निवासी नदीम ओर उसके साथी मध्य प्रदेश जिला ग्वालियर के गणेश पुरा निवासी दीपक उर्फ संजय जाटव को देर रात कोतवाली पुलिस ने नगरिया कुआं के पास से मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने इनके कब्जे से सोने चांदी के जेवरात कीमत छ लाख के बरामद कर लिए थे। पूछताछ में दोनों ने बताया था इनका एक साथी अभी फरार चल रहा है। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। आज दोपहर को पुलिस नदीम ओर दीपक उर्फ संजय को न्यायलय में पेश करने के लिए जिला अस्पताल मेडिकल परीक्षण कराने को ले गई। नदीम ओर संजय उर्फ दीपक का जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मेडिकल परीक्षण चल रहा था। इसी दौरान नदीम मौका पाकर पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। आरोपी के पुलिस हिरासत से भगाने पर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल आरोपी की तलाश में लग गया। तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगालने कर जानकारी मिली कि आरोपी जिला अस्पताल के गेट नंबर दो से बाहर निकला और वह एक टैक्सी में बैठ कर गांधीघर के टपरे पर उतर गया। पुलिस ने छानबीन करते हुए उक्त टैक्सी कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। टैक्सी चालक ने पूछताछ में बताया कि वह नहीं जनता था कि जिस व्यक्ति ने उससे दतिया गेट जाने की बात कही ओर टैक्सी में बैठ गया वह पुलिस कस्टडी से भागा हुआ हैं। टैक्सी चालक ने बताया कि आरोपी ने उससे दतिया गेट जाने की बात कही थी गांधीघर टपरे पर जाम अधिक होने पर वह वही उतर गया। पुलिस अभी आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

