
झांसी। नगर निगम द्वारा बकाया हाउस टैक्स की वसूली को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत मसिहा गंज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। निगम टीम ने हाउस टैक्स जमा न करने पर एक तीन मंजिला मकान को सील कर दिया, जिसमें नीचे पांच दुकानें संचालित हो रही हैं और ऊपर किराएदार रह रहे हैं।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, उक्त संपत्ति पर गीता देवी के नाम ₹1,28,000 तथा खेम सिंह के नाम ₹1,96,932 का हाउस टैक्स बकाया है। कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद बकाया राशि जमा न होने पर आज सीलिंग की कार्रवाई की गई।
जानकारी के मुताबिक, खेम सिंह ने उक्त स्थान जयप्रकाश साहू को बेच दिया था। इसके बाद जयप्रकाश साहू ने वहां दुकानों सहित दो मंजिला मकान का निर्माण कराया। बाद में जयप्रकाश साहू द्वारा एक दुकान गीता देवी के नाम रजिस्ट्री की गई।
हालांकि, नगर निगम रिकॉर्ड में नामांतरण (म्यूटेशन) न कराए जाने के कारण संपत्ति पर बकाया कर शेष रहा। इसी आधार पर निगम ने संबंधित दुकान को भी सील कर दिया।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि नामांतरण न कराने और कर जमा न करने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संपत्ति खरीदने-बेचने वाले सभी लोगों से अपील की है कि समय रहते नामांतरण की प्रक्रिया पूर्ण कराएं और बकाया कर का भुगतान करें, ताकि ऐसी कार्रवाई से बचा जा सके। नगर निगम का बकाया वसूली अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

