झाँसी। बबीना थाना क्षेत्र स्थित मानपुर तालाब में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद स्नान करते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। यह घटना झाँसी-ललितपुर हाईवे पर स्थित तालाब में शाम करीब 5 बजे हुई।
मृतक की पहचान साहिल अहिरवार (22 वर्ष) पुत्र लखपत राम, निवासी न्यू हरिजन कॉलोनी, कस्बा व थाना बबीना के रूप में हुई है। साहिल अपने दोस्तों के साथ प्रतिमा विसर्जन के बाद तालाब में नहाने गया था।
नहाते समय तालाब में मिट्टी के लिए खोदे गए एक गड्ढे में उसका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में डूब गया। साहिल के दोस्तों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक युवक स्नातक का छात्र था।
घटना की सूचना मिलने पर बबीना थाना पुलिस मौके पर पहुँची और पंचायतनामा की कार्यवाही शुरू की। फिलहाल घटनास्थल पर शांति एवं व्यवस्था बनी हुई है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

