


झांसी। बीड़ा में आने वाली जमीनों को सरकार ने अधिकरण कर लिया है। जिसके लिए एक विभाग बीड़ा भी अलग से नियुक्त कर उसकी देखरेख के लिए कर्मचारी अधिकारी भी तैनात कर दिए गए है। इसके बावजूद भी माफिया रक्सा क्षेत्र की बीड़ा में आने वाली जमीनों पर जेसीबी मशीनों से अवैध रूप से दिन रात बालू का खनन और परिवहन कर रहे है। जिस पर न तो बीड़ा और न हीं खनन विभाग का ध्यान जा रहा है। दोनों ही विभाग मौन बने बैठे है। जिसके चलते पर्यावरण को नुकसान तो हो ही रहा साथ ही सरकारी संपत्ति का भी माफिया खुलेआम नुकसान करते हुए खुद को लाखों करोड़ों का आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे है। इस संबंध में ग्राम प्रधान भी जिलाधिकारी से इस अवैध खनन को बंद कराने और अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की मांग कर चुका है। जिस पर खनिज विभाग कार्यवाही की जगह सिर्फ ग्राम प्रधान से फोन पर वार्ता कर इतिश्री कर रहा है।
जानकारी मुताबिक रक्सा क्षेत्र के पूनावली गांव से सारमऊ जाने वाले मार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने जाने वाले मार्ग पर स्थित पहाड़ से सटी नहर से दबंग माफिया लोग जेसीबी मशीन से अवैध तरीके से बालू का खनन कर रहे साथ ही पहाड़ चट्टान को तोड़कर उसकी बालू चाइना बालू बनाकर खुलेआम दिन रात ट्रेक्टर ट्राली से परिवहन कर रहे है। माफियाओं ने अवैध खनन में कोई रुकावट नहीं आए इसके लिए इस मार्ग की बनी पक्की सड़क को भी खुर्दबुर्द कर दिया है। पूनावली के ग्राम प्रधान जयसिंह गुर्जर ने इस संबंध में जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भी दिया था और सरकारी जमीन पर दिन रात हो रहे इस अवैध बालू खनन, परिवहन को रोकने की मांग करते हुए खनन माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही की मांग की थी। लेकिन शिकायती पत्र दिए एक माह से अधिक समय गुजरने को है, ग्राम प्रधान का कहना है खनन माफियाओं के खिलाफ न तो कार्यवाही हुई और न ही अवैध खनन, परिवहन रुका। लेकिन शिकायत करने पर माफियाओं ने उसे जरूर धमकी दे डाली है। इतने बड़े पैमाने पर लंबे समय से चल रहे इस काले कारोबार करने वालों पर खनन विभाग के साथ ही बीड़ा विभाग भी मौन बना बैठा है, और माफिया सरकार का नुकसान कर खुद को अवैध तरीके से लाखों करोड़ों का आर्थिक लाभ ले रहे और जिम्मेदार विभाग मौन बने बैठे है।
अगर अवैध खनन हो रहा हो तो सूचना मिलने पर कार्यवाही की जाएगी
झांसी। रक्सा के पुनावली और सारमऊ में चल रहे इस बालू के अवैध खनन की ग्राम प्रधान द्वारा की गई शिकायत पर एक माह बाद भी कार्यवाही नहीं होने पर खनन विभाग के अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि वह लगातार शिकायत कर्ता ग्राम प्रधान से फोन पर वार्ता कर पूछ रहे है कि जेसीबी मशीन और ट्रेक्टर ट्राली चल रहे है तो बताए वह कार्यवाही करेंगे। उन्होंने कहा कि अभी तक ग्राम प्रधान ने कोई सूचना नहीं दी।
पहाड़ पर बना रखा है बालू का भारी मात्रा में डंप
झांसी। बालू माफियाओं द्वारा दिन रात बालू का अवैध खनन कर उसे पहाड़ पर भारी मात्रा में डंप कर वही से ट्रेक्टर ट्राली के।माध्यम से परिवहन कर बेचा जाता है। माफियाओं ने सरकार द्वारा इस ग्राम में करोड़ों रुपए खर्च कर बनवाई गई सड़क को भी नेस्तनाबूत कर दिया है। जिससे वहां की सड़कों में बड़े बड़े गड्ढों हो गए जिसका दोष क्षेत्रवासी सरकार को देते है। इसके बावजूद भी खनिज विभाग और बीड़ा विभाग इस माफियाओं पर कार्यवाही करने में लापरवाही बरत रहा है।
झांसी। इस संबंध में पूनावली ग्राम प्रधान जयसिंह गुर्जर ने बताया कि खनन अधीक्षक ने उन्हें कभी फोन नहीं लगाया। बल्कि वह फोन लगाते है कार्यवाही कराने के लिए तो फोन नहीं उठता। ग्राम प्रधान का आरोप है प्रतिदिन शाम छह बजे के बाद बड़े पैमाने पर बालू का अवैध खनन और परिवहन शुरू हो जाता है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

