
झांसी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ पंजीयन संख्या 1160 जनपद झांसी के जिलाध्यक्ष नितिन चौरसिया, जिला मंत्री पंकज कुमार तिवारी, जिला कोषाध्यक्ष के नेतृत्व में सैकड़ो शिक्षकों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) झांसी से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के निराकरण हेतु 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
संघ ने चेताया कि नियमों और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी कर शिक्षकों का उत्पीड़न किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रमुख मांगें और मुद्दे:
अवैध वेतन अवरोध पर रोक: महानिदेशक स्कूल शिक्षा के स्पष्ट आदेशों के बावजूद शिक्षकों के वेतन रोकने के आदेश जारी किए जा रहे हैं, जो नियम विरुद्ध हैं। संगठन ने अनुपस्थित शिक्षकों पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।
CCL (बाल देखभाल अवकाश) की पारदर्शी स्वीकृति: महानिदेशक के शासनादेशों का उल्लंघन कर खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों द्वारा निरर्थक टिप्पणियां लगाकर महिला शिक्षिकाओं के CCL आवेदन निरस्त किए जा रहे हैं। शासनादेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
पाठ्य-पुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण: जनपद के कई परिषदीय विद्यालयों में अब तक पूरी पुस्तकें नहीं पहुंची हैं। संघ ने सभी विद्यालयों तक शीघ्र पुस्तकें पहुंचाने की मांग की।
फर्नीचर मरम्मत हेतु 15 लाख का उपयोग: कार्यदायी संस्था द्वारा दिए गए घटिया गुणवत्ता के फर्नीचर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। उपलब्ध 15 लाख रुपये के बजट से उनकी मरम्मत कराने की कार्रवाई की जाए।
जर्जर भवन व बाउंड्री वॉल निर्माण: जर्जर भवनों को असुरक्षित घोषित कर नए भवनों का निर्माण कराने तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से बाउंड्री वॉल रहित विद्यालयों में वित्तीय स्वीकृति जारी करने का अनुरोध किया गया।
ऑन-ड्यूटी मूवमेंट रजिस्टर को मान्यता: SNA-SPARSH, कायाकल्प, ई-केवाईसी और बैंक ऑडिट जैसे विभागीय कार्यों के लिए बाहर जाने वाले प्रधानाध्यापकों की अनुपस्थिति को अनधिकृत न माना जाए और ऑन-ड्यूटी रजिस्टर प्रविष्टि को मान्यता दी जाए।
आकस्मिक अवकाश शेष रहने पर वेतन कटौती पर रोक: मण्डलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) झांसी मंडल के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद शिक्षकों का वेतन काटा जा रहा है, जिस पर तत्काल रोक लगाई जाए।
सिटीजन चार्टर का कड़ाई से अनुपालन: ऑनलाइन सेवा पुस्तिका अद्यतन, वार्षिक वेतन वृद्धि और NPS पासबुक जारी करने जैसे कार्यों में पटल प्रभारियों द्वारा हीलाहवाली व अनुचित मांग की शिकायतें मिल रही हैं। सिटीजन चार्टर लागू कर जवाबदेही तय की जाए।
चयन वेतनमान की समयबद्ध स्वीकृति: L1 व L2 स्तर पर लालफीताशाही के कारण पात्र शिक्षकों का चयन वेतनमान महीनों अटका रहता है। इस प्रक्रिया को अविलंब पारदर्शी और गतिमान किया जाए।
संघ ने अनुरोध किया कि ज्ञापन में वर्णित सभी बिंदुओं का समयबद्ध निस्तारण कर संगठन को सूचित करने का कष्ट करें, ज्ञापन की प्रति प्राप्त कर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने समस्याओं के नियमानुसार निस्तारण का आश्वासन दिया है।
ज्ञापन प्रदान करने वाले शिक्षकों में छवि वर्मा जिला संयुक्त मंत्री, धर्मवीर जिला उपाध्यक्ष, प्रवीण खरे जिला मीडिया प्रभारी, अनुपमा अग्रवाल, श्रीमती रमन खरे, डॉ मनोज सोनी, मनोज विश्वकर्मा, प्रदीप चौरसिया, ज्योत्सना विश्वकर्मा, अनुपमा रावत, अनुपम खरे, शिवम समाधिया, टीकाराम श्रीवास ब्लॉक अध्यक्ष बंगरा, मनोज त्रिपाठी ब्लॉक मंत्री बंगरा उमाशंकर श्रीवास अभिलाष चतुर्वेदी अजय मैक्सवेल कमलेश कुमार पूनम शर्मा विनीता वर्मा रागिनी वर्मा अनामिका वर्मा राजकुमार वर्मा दिनेश कुमार जाटव, बंदना चतुर्वेदी सहित कई लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

