
झांसी। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई राजकीय महिला महाविद्यालय, झांसी में 14 सितंबर को ‘हिंदी दिवस’ के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या/अध्यक्ष प्रो. अनुभा श्रीवास्तव द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात छात्रा हर्षिता राय ने सुमधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में अव्वल रही छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही, पूर्व में आयोजित ‘हरियाली तीज मेहंदी प्रतियोगिता’ की विजेता छात्राओं (प्रथम स्थान:संगम , द्वितीय स्थान: संजना, तृतीय स्थान: स्नेहा कुशवाहा) को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने छात्राओं को संबोधन में कहा, “हिंदी न केवल भारत में बल्कि पूरे विश्व में पहचान बना चुकी है और इसका स्वरूप निरंतर विस्तृत हो रहा है।”
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. अनुभा श्रीवास्तव ने हिंदी की विशेषताओं, इसके महत्व तथा दैनिक कामकाज में हिंदी भाषा का अधिक से अधिक प्रयोग करने के लिए सभी को प्रेरित किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन बी.ए. पंचम सेमेस्टर की छात्रा हर्षिता राय ने किया। अंत में प्रभारी डॉ. अरुण कुमार ने उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्राओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

