झाँसी। आज दिनाँक 3 दिसम्बर 2024 को झाँसी में बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के विरोध में हिंदू संगठनों ने बांग्लादेश हिन्दू रक्षा समिति के बैनर तले रैली निकाली गयी। जीवन शाह तिराहा स्थित एस. पी.आई. इंटर कॉलेज परिसर में एकत्र होकर हजारों की संख्या में लोग इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। रैली में समस्त हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। रैली एस. पी. आई. इंटर कॉलेज से प्रारम्भ होकर जीवन शाह तिराहा, इलाइट चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची। जहां सैंकड़ों की संख्या में एकत्रित हिन्दू समाज द्वारा महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा, जिसमें मांग की गई कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रहे अत्याचार को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाया जाए और इसे रोका जाए।ज्ञापन के माध्यम से बांग्लादेश में हिंदुओं तथा अन्य सभी अल्पसंख्यकों पर इस्लामी कट्टरपंथियो द्वारा हमले, हत्या, लूट, आगजनी तथा महिलाओं पर हो रहे अमानवीय अत्याचार की ओर अवगत कराया गया कि बांग्लादेश के अंदर जिस प्रकार से हिंदू संस्कृति के मानबिंदुओं हिंदू देवालयों पर लक्षित हमले हो रहे हैं वह अत्यंत चिंताजनक है। वर्तमान की बांग्लादेश सरकार तथा उसकी अन्य एजेंसियां इसे रोकने के स्थान पर केवल मूकदर्शक बन करके बैठी हुई हैं। विवशतावश बांग्लादेश के हिंदुओं द्वारा स्वरक्षण हेतु लोकतांत्रिक पद्धति से उठाई गई आवाज को दबाने हेतु उन्हीं पर अन्याय व अत्याचार का नया दौर उभर रहा है। अभी तुरन्त के घटनाक्रम में बांग्लादेश में शांतिपूर्ण प्रदर्शनों में हिंदुओं का नेतृत्व कर रहे इस्कॉन के सन्यासी चिन्मय कृष्ण दास प्रभु जी को बांग्लादेश सरकार द्वारा अलोकतांत्रिक तरीके से गिरफ्तार करना, उनको बंद करना, उनकी आवाज को दबाने की कुचेष्टा करना अलोकतांत्रिक, अमानवीय एवं हिंदू समाज के मानवाधिकारों का हनन भी है। हम प्रारंभ से ही यह मांग कर रहे हैं कि बांग्लादेश में जो घटनाक्रम चल रहा है उसमें वामपंथी इस्लामिक तत्वों के साथ मिलकर वहां के हिंदू समाज का दमन कर रहे हैं। यह दुर्भाग्य की बात है कि पूरे विश्व समुदाय के वैश्विक संगठनों ने इस घटनाक्रम पर जितनी चिंता व्यक्त करनी चाहिए थी एवं जैसी रोक लगनी चाहिए थी, वैसी रोक नहीं लगाई है । भारत सरकार का प्रतिउत्तर इस विषय में बहुत ही सावधानीपूर्वक और न्यूनतम रहा है। एक संप्रभु देश की स्वायत्तता को किसी प्रकार से चुनौती देना दूसरे देश की सरकार के लिए ठीक नहीं है, परंतु एक बड़े हिंदू समुदाय का इस प्रकार का उत्पीड़न पूरा विश्व सारे पड़ोसी देश व भारत सरकार सिर्फ देखते रहें और कुछ भी कार्यवाही नहीं करें यह भी स्वीकार नहीं है। ज्ञापन के माध्यम से निवेदन के साथ यह मांग की गई कि भारत सरकार की अग्रणी भूमिका में विश्व समुदाय इन सब घटनाओं को अपने संज्ञान में लेते हुए बांग्लादेश सरकार के ऊपर दबाव बनायें और हिंदुओं के ऊपर उत्पीड़न व अत्याचार एवं देवालयों को लक्षित करके निशाना बनाए जाने की घटनाओं को तत्काल रोकें। तुरंत प्रभाव से इस्कॉन के मुख्य पुजारी श्री चिन्मय कृष्ण दास प्रभु जी की तत्काल रिहाई की जाए और किसी भी हिंदू नेता, हिंदू पुजारी,हिंदू संत,धार्मिक गुरु को बिना किसी कारण से उत्पीड़न एवं गिरफ्तार करने की कार्यवाही बंद हो। इस दिशा में भारत सरकार की गंभीर एवं प्रभावी पहल हेतु महामहिम का हस्तक्षेप एवं निर्देश अपेक्षित है। जिसके लिए सम्पूर्ण हिन्दू समाज आपसे निवेदन करता है।इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने हिंदू समाज को एकजुट होने का आह्वान किया और कहा कि एकजुटता से ही अत्याचार का सामना किया जा सकता है।
भारत माता के नारों से गूंजा झाँसी महानगर
रैली के दौरान “भारत माता की जय”, “जय श्रीराम”, “भारत हो या बांग्लादेश, हम सब हिन्दू एक हैं”, “हर हिन्दू की यही पुकार नहीं सहेंगे अत्याचार”, “हिन्दू नरसंहार बंद करो, बंद करो, बंद करो”, के नारों से पूरा झाँसी महानगर गूंज उठा। बांग्लादेश हिंदू सुरक्षा समिति के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।बांग्लादेश हिंदू रक्षा समिति ने कहा कि 5 अगस्त से बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया। उन्होंने बताया कि हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ यह मांग की गई है कि इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाए।आज के प्रदर्शन में हजारों लोगों की भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि हिंदू समाज इस अन्याय के खिलाफ एकजुट है और इसे रुकवाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।इस अवसर पर बंगलादेशी हिंदू रक्षा समिति के समस्त पदाधिकारियों में नरेन्द्र गुप्ता (दद्दू), कुमार वैभव तिवारी, विनोद अग्रवाल, भागीरथ सिंह, बृजेश मिश्र, डॉ0 संतोष कुमार राय, संजय राष्ट्रवादी, पूनम बुधरानी, डॉ0 मोनिका गोस्वामी, अनिल श्रीवास्तव, मुनीश , अखण्ड प्रताप , धर्मेंद्र , मुकुल, पुरुकेश सहित समस्त जनप्रतिनिधि एवं हिन्दू संगठनों से पदाधिकारी व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा





