झांसी। मंत्री, पशुधन/दुग्ध विकास उ०प्र० धर्मपाल सिंह एवं राज्य मंत्री, पशुधन/दुग्ध विकास, उ०प्र० श्रीमती कृष्णा पासवान के मुख्य आतिथ्य में दिनांक 11 सितम्बर, 2026 (दिन शुक्रवार) को पूर्वान्ह 10ः30 बजे से अपरान्ह 04 बजे तक “डेयरी काॅन्क्लेव-स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम” कार्यशाला (स्वदेशी उन्नत गोवंश, समृद्ध निवेश, सुरक्षित भविष्य खुशहाल उत्तर प्रदेश) का आयोजन पं0 दीनदयाल सभागार झांसी में किया जायेगा।
उप दुग्धशाला विकास अधिकारी डाॅ0 सत्येन्द्र सिंह ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश में उन्नत स्वदेशी गोवंश को बढ़ावा देने हेतु, प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनोमी बनाने हेतु, दुग्धशाला विकास विभाग द्वारा संचालित नन्द बाबा दुग्ध मिशन, उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास एवं दुग्ध उत्पाद प्रोत्साहन नीति-2022 के प्रचार-प्रसार तथा प्रदेश के डेयरी सेक्टर में पूंजी निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में मण्डलवार डेयरी काॅन्क्लेव-2026 ‘‘स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम’’ (स्वदेशी उन्नत गोवंश, समृद्ध निवेश, सुरक्षित भविष्य खुशहाल उत्तर प्रदेश) कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मण्डलवार आयोजनों की श्रृंखला में दिनांक 11 सितम्बर 2026 को झांसी, चित्रकूट धाम एवं कानपुर मण्डल हेतु डेयरी काॅन्क्लेव-2026 स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम कार्यशाला का आयोजन पं0 दीनदयाल सभागार झांसी में किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण में विभागीय योजनाओं की जानकारी एवं प्रदर्शन, विभिन्न योजनाओं में उत्कृष्ट उपलब्धि अर्जित करने वाले पशुपालकों एवं निवेशकों का प्रस्तुतीकरण, निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित निवेशकों द्वारा अपने स्टॉल के माध्यम से दुग्ध उत्पाद/नवाचार इत्यादि का प्रदर्शन व डेयरी क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए नवीनतम प्रौद्योगिकी, स्वदेशी नस्ल के गोपालन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर विचार-विमर्श एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण जानकारी साझा की जायेगी। समस्त कार्यक्रम का यूट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारण किया जायेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव, पशुधन, मत्स्य एवं दुग्ध विकास मुकेश कुमार मेश्राम, दुग्ध आयुक्त श्रीमती धनलक्ष्मी के०, क्षेत्रीय दुग्धशाला विकास अधिकारी झांसी राजेश कुमार तथा झांसी, चित्रकूटधाम एवं कानपुर मण्डल के वरिष्ठ अधिकारीगण, कृषक, गोपालक, दुग्ध उत्पादक, उद्यमी, निवेशक आदि उपस्थित रहेंगे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

