झाँसी न्यूज़

“नशे के विरुद्ध जागरूकता ही युवा शक्ति को सही दिशा देने का सशक्त माध्यम : प्रयास:सभी के लिए”

झांसी। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से सचेत करने तथा स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ सामाजिक संस्था “प्रयास — सभी के लिए” द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के अंतर्गत तृतीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन एम.एस. राजपूत इंटर कॉलेज, गढ़िया फाटक, नगरा, झाँसी में किया गया।कार्यक्रम संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा के नेतृत्व एवं संस्था अध्यक्ष के.डी. गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय के प्रधानाचार्य सियाराम शरण चतुर्वेदी एवं प्रबंधक अरूण सिंह उपस्थित रहे।यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के युवाओं को नशे से दूर रखने एवं नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए किए जा रहे जनजागरूकता प्रयासों से प्रेरित होकर आगे बढ़ाया जा रहा है। “प्रयास — सभी के लिए” स्वयं को इस राष्ट्रीय जनचेतना अभियान का सहभागी मानते हुए झाँसी में इसकी भावना को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लेकर निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था का प्रयास है कि जागरूकता की यह श्रृंखला विद्यालयों, महाविद्यालयों और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचे तथा युवा शक्ति नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाए।इसी उद्देश्य से “इस अभियान के माध्यम से विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ जीवन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य इस जागरूकता संदेश को अधिक से अधिक युवाओं और परिवारों तक पहुँचाना है।कार्यक्रम में विद्यालय के इन्द्रपाल सिंह खनूजा एवं शिक्षकगण अम्बरी झा, करण, नेहा एवं नीलेश तथा छात्र-छात्राओं विक्की राज, यशपाल, अर्पित राय, तिलक, खुशी एवं माधवी ने नशामुक्ति विषय पर अपने विचार एवं उद्बोधन प्रस्तुत किए। उनके विचारों में युवाओं के प्रति चिंता के साथ-साथ नशे से दूर रहकर जीवन को सार्थक एवं उद्देश्यपूर्ण बनाने का संदेश प्रमुखता से उभरकर आया।कार्यक्रम को सियाराम शरण चतुर्वेदी ने संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, शिक्षा, सामाजिक संबंधों और भविष्य पर भी गहरा प्रभाव डालता है। युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ऊर्जा है। यदि यही ऊर्जा नशे की गिरफ्त से मुक्त होकर शिक्षा, संस्कार, अनुशासन, रचनात्मकता और सकारात्मक सोच की ओर अग्रसर हो, तो देश की प्रगति को नई दिशा मिल सकती है। अतः नशे के विरुद्ध संघर्ष केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।कार्यक्रम का संचालन नशा मुक्ति अभियान के मुख्य संयोजक रवि पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम के अंत में महामंत्री नवीन श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, विद्यार्थियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के इस अभियान में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।कार्यक्रम में संस्था के निवर्तमान अध्यक्ष रामबाबू शर्मा, बी.पी. नायक, एच.एन. शर्मा, अंबिका प्रसाद श्रीवास्तव सहित प्रयास परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम का स्पष्ट संदेश देते हुए बताया यह अभियान “नशामुक्त युवा एवं स्वस्थ समाज ही उज्ज्वल राष्ट्र की आधारशिला हैं।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply