July 27, 2024

माहवारी शर्म नहीं सम्मान है: जयंती कुशवाहा

झांसी। विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस पर मिस झांसी वेलफेयर सोसाइटी द्वारा महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी के प्रति जागरूक किया गया। संस्था द्वारा महिलाओं और किशोरियों को सेनेटरी नेपकिन देते हुए माहवारी स्वच्छता के बारे मे जानकारी दी गई। महिलाओं को बताया गया कि मासिक धर्म के दौरान सेनेटरी नेपकिन का इस्तेमाल करना चाहिए। इसे खरीदने में झिझक नहीं होनी चाहिए। इसके प्रति पुरुषों को भी संवेदनशील होने की जरूरत है। इस दौरान संस्था की अध्यक्ष जयंती कुशवाहा ने कहा कि माहवारी शर्म नहीं बल्कि सम्मान है, यह औरत की पहचान है। इसलिए महिलाओं को इस पर खुलकर बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पीरियड कोई छुआछूत या परिवार से अलग रहने के लिए नहीं होता है। आज भी विशेष दिनों में लड़कियों के साथ घर में अलग व्यवहार किए जाने की सूचना मिलती है। ऐसा जागरूकता के अभाव में हो रहा है। इसलिए महिलाओं को माहवारी स्वच्छता के बारे में जानकारी होना आवश्यक है। जिससे वह पीरियड के दिनों में भी शर्म से नहीं बल्कि सम्मान से रह सकें। इस मौके पर संस्था की उपाध्यक्ष राधा कुशवाहा, कोषाध्यक्ष मोहिनी कुशवाहा, महासचिव कविता कुशवाहा, महामंत्री रेखा देवी कुशवाहा, नीलम, नीता, निशा, पूनम, गार्गी, अदीबा, शशि, नंदिनी आदि मौजूद रहीं।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

ये भी देखें