
झांसी। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजगढ़ में आज सुबह अर्द्ध विक्षिप्त अधेड़ पर मासूम बालिका को बहला फुसला कर ले जाकर दुष्कर्म करने के प्रयास का आरोप लगाया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी है।जानकारी के मुताबिक प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजगढ़ स्थित एक गांव में रहने वाले दलित परिवार की पांच वर्षीय पुत्री आज सुबह घर के बाहर खेल रही थी।

तभी एक 45 वर्षीय अधेड़ युवक आया और बालिका को बहला फुसला कर अपने साथ ले गया। पास में स्थित मंदिर पर कुछ महिलाएं पूजा अर्चना कर रही थी। उन्होंने इस अधेड़ को बालिका के साथ जाते देखा। इस पर महिलाओं को आशंका हुई। महिलाएं मंदिर के पीछे पहुंची।

उनका आरोप है कि अधेड़ बालिका के साथ अश्लील हरकत कर रहा था। इससे पहले की वह कोई घटना को अंजाम देता महिलाओं ने शोर शराबा मचा कर आस पास के लोगों को बुला लिया और बालिका को सकुशल बचाकर परिजन को बुलाया। वही सूचना पर पहुंची पुलिस ओर क्षेत्राधिकारी सदर ने जांच पड़ताल करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा






