
झांसी। गत रोज ई रिक्शा चालक के साथ मारपीट कर उसका रिक्शा, मोबाइल फोन, नकदी लूटकर भागने वाले दो शातिर लुटेरे घटना के कुछ घंटे बाद ही पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस की बंदूक से निकली गोली लगने से एक लुटेरा घायल हो गया दूसरे ने समर्पण कर दिया । पुलिस ने उनके कब्जे से रिक्शा चालक से लूटे गए रुपए, मोबाइल फोन तथा ई रिक्शा बरामद कर लिया है।
पुलिस मुठभेड़ की सूचना पर पहुंची एसपी सिटी श्रीमती प्रीति सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
जानकारी के मुताबिक रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम सिजवाहा निवासी रंजीत ने सीपरी थाना पुलिस को सूचना देते हुए बताया था कि 12 अक्टूबर को ग्राम खोड़न के पास दो युवकों ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसका ई रिक्शा ओर दो सौ रुपए तथा मोबाइल फोन लूट लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की सुरागरसी शुरू कर दी थी। इधर मामले को गंभीरता से लेकर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने सीपरी पुलिस को घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। देर रात थाना सीपरी बाजार प्रभारी निरीक्षक अपने पुलिस बल के साथ गस्त पर थे। तभी सुदामा पुरी में जंगल की तरफ दो संदिग्ध पुलिस को देख भागने लगे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों ने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। जिसमें एक बदमाश के पैर में पुलिस की बंदूक की गोली लगने से वह घायल हो गया। जबकि उसके दूसरे साथी ने पुलिस के सामने समर्पण कर दिया। पूछताछ में दोनों ने अपने पुलिस की बंदूक की गोली लगने से घायल बदमाश ने अपना नाम थाना शहर कोतवाली के गुलाम गोस खा पार्क निवासी विजय वाल्मीक, तथा पुलिस के सामने समर्पण करने वाले ने अपना नाम खजूर बाग निवासी करण झा बताया। दोनों ने ई रिक्शा चालक के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम देने का जुर्म स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से ई रिक्शा मोबाइल फोन ओर दो सौ रुपए के साथ तमंचा कारतूस बरामद कर लिए है। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।


