

झांसी। देश आज 75 वा गणतंत्र दिवस मना रहा है। गणतंत्र दिवस को पूरे जनपद में बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। कोलेट्रेट झांसी दुर्ग और पुलिस लाइन सहित सरकारी विभागों में शान से तिरंगा फहराया गया। झांसी कलेक्ट्रेट और झांसी दुर्ग पर जिलाधिकारी ने तथा पुलिस लाइन में उत्तर प्रदेश सरकार की प्रभारी मंत्री ने ध्वजारोहण करते हुए परेड की सलामी ली। तदोपरांत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित भी किया गया।शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने 75वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर सलामी दी और राष्ट्रगान किया। उन्होंने भारतीय संविधान की उद्देशिका के संकल्प को सामूहिक रूप से शपथ के साथ दोहराया। जिलाधिकारी ने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भारतीय संविधान की उद्देशिका के अनुसार समानता के साथ कार्य करने का संकल्प लेते हैं। आज उसी जज्बे के साथ समृद्धि, प्रगति और विकास की मंजिल तय करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हम सभी भारतीय संविधान के आदर्शों को आत्मसात करें और प्रेरणा लेकर समृद्धि, प्रगति, विकास की ओर बढ़ें। उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि सरकारी अधिकारियों तथा कर्मचारियों को भारतीय संविधान के आदर्शों को अंगीकार करने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है, आज संकल्प लेना है कि देश की प्रगति में आदर्शो को आत्मसात करेंगे। उन्होंने कहा कि नकारात्मक विचारों को हटाते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेंगे तो निश्चित रूप से सफल होंगे। उन्होंने इस अवसर पर निजी हित को भुलाकर समाज हित में और देश हित में कार्य करने पर बल दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस उन तमाम सारे शहीदों, बलिदानियों, संविधान निर्माताओं को स्मरण करने और उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करने का मौका होता है। जिनकी वजह से देश को आजाद रूप में देख रहे हैं और गणतंत्र, संविधान, स्वराज के माध्यम से प्रशासन को प्राप्त कर रहे हैं। यह राष्ट्रीय पर्व जाति, धर्म, संप्रदाय, वर्ग क्षेत्र सभी से परे है। यह पर्व गणतंत्र की ताकत को बताने और समझने का पर्व है। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी अधिकारी, कर्मचारी पूर्ण मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। समय से सभी कार्य सम्पादित करें। उन्होने कहा कि हम जहॉ भी रहें देश की एकता और अखण्डता के लिए लोगों को प्रेरित करें। जाति, धर्म एवं सम्प्रदाय से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण का कार्य करें। उन्होने कहा कि वर्ग, जाति, भेद, भाषा से ऊपर उठकर हमें देश की एकता के लिए कार्य करना होगा। झांसी के ऐतिहासिक किले से जिलाधिकारी द्वारा किए जाने वाले झंडारोहण कि कई वर्षों पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए जिलाधिकारी अविनाश कुमार द्वारा झंडारोहण किया गया एवं किले की प्राचीर से उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए नमन किया गया जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता में योगदान दिया । आने वाले समय में लोकसभा के चुनाव होंगे मतदाता को 05 साल में मतदान का मौका प्राप्त होता है इसलिए हर एक की जिम्मेदारी बनती है कि वह मतदान करें और अपने आसपास के लोगों को प्रेरित करें। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट में सूरज प्रसाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया जिलाधिकारी ने उन्हें इस अवसर पर सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दी। ध्वजारोहण के अवसर पर उपाध्यक्ष झांसी विकास प्राधिकरण आलोक यादव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उत्कर्ष द्विवेदी,अपर जिलाधिकारी प्रशासन ए के सिंह, अपर जिलाधिकारी न्याय श्रीमती श्यामलता आनंद,अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे ए के सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पांडेय, सचिन जेडीए श्रीमती उपमा पांडेय,नगर मजिस्ट्रेट विधेश कुमार सहित अन्य अधिकारी,कर्मचारी व गणमान्य नागरिक जन उपस्थित रहे। वही पुलिस लाइन में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री बैबी रानी मौर्य ने ध्वजारोहण करते हुए परेड की सलामी ली। परेड में पुलिस कर्मियों की टोलियों ने जोहर दिखाया। वही गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरी पुलिस लाइन गूंज उठी। वही एसएसपी राजेश एस को भी सम्मानित किया गया। इसके बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को प्रभारी मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। इस दौरान डीआईजी कलानिधि नैथानी, एसएसपी राजेश एस, सहित समस्त पुलिस अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। वही उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम एसओजी प्रभारी जितेंद्र सिंह तक्खर ओर उनकी टीम, प्रेमनगर थाना प्रभारी निरीक्षक, सकरार थाना प्रभारी निलेश कुमारी, नवाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पांडे, पूछ थाना प्रभारी अरुण कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस लाइन में कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी डॉक्टर नीति शास्त्री ने किया।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा






