– झाँसी I दिनांक 29/04/2023 को महारानी लक्ष्मीबाई पैरामेडिकल कॉलेज झाँसी के ऑडिटोरियम में “मन की बात” कार्यक्रम के 100वें संस्करण के प्रसारण को लेकर कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर झाँसी-ललितपुर के लोकप्रिय सांसद अनुराग शर्मा द्वारा उनके निज निवास मंगलम पर पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया I पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद अनुराग शर्मा ने बताया कि मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से माननीय प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी देश की जनता के साथ जुडकर महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बात करते हैं। मन की बात’ आकाशवाणी पर प्रसारित किया जाने वाला एक अत्यंत ही लोकप्रिय कार्यक्रम है जिसके माध्यम से भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश की जनता से संवाद करते हैं। इस कार्यक्रम का पहला प्रसारण 3 अक्तूबर 2014 को किया गया। यह कार्यक्रम 52 भाषाओं एवं बोलियों जिनमें 11 विदेशी भाषाएं शामिल हैं, में प्रसारित होती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को देश के 100 करोड़ लोग कम से कम एक बार सुन चुके हैं। 23 करोड़ लोग नियमित रूप से ‘मन की बात’ को सुनते हैं। IIM रोहतक ने ‘मन की बात’ को लेकर एक स्टडी की है। यह स्टडी प्रसार भारती ने कराई है। इस स्टडी में सामने आया कि 17.6% लोग मन की बात को रेडियो पर सुनते हैं। 44.7% लोग TV और 37.6% लोग मोबाइल पर सुनते हैं।सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा “मन की बात” के 73वें संस्करण में झाँसी की बेटी गुरलीन चावला का जिक्र करते हुए कहा था कि बुंदेलखंड में स्ट्रॉबेरी की खेती को लेकर उत्साह बढ़ रहा है।इसी प्रकार, मई 2020 को प्रसारित हुए मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमन्त्री द्वारा ललितपुर के एक छोटे से गांव से निकले योग गुरु सोहन सिंह यादव जो चीन के साथ-साथ कई देशों में भारतीय योग संस्कृति का झंडा बुलंद कर रहे हैं, की सराहना की हैI यह हमारे क्षेत्र के लिए गर्व की बात हैI मन की बात कार्यक्रम के 92वें संस्करण में, ललितपुर के महरौनी ब्लॉक क्षेत्र के निवारी गांव में बनाए गए अमृत सरोवर की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मन की बात के दौरान सराहना की थी। प्रधानमंत्री ने कहा था कि ललितपुर में नवनिर्मित शहीद भगत सिंह अमृत सरोवर भी लोगों को काफी आकर्षित कर रहा है। यहां की निवारी ग्राम पंचायत में बना ये सरोवर 4 एकड़ में फैला है। सरोवर किनारे हुआ वक्षारोपण इसकी शोभा बढ़ा रहा है। सरोवर के पास 35 फीट ऊंचा तिरंगा लगाया गया है।उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम इतना लोकप्रिय है कि 27 जनवरी 2015 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी प्रधानमंत्री के साथ इस कार्यक्रम में भाग लिया तथा भारत की जनता के पत्रों के उत्तर दिए। उन्होंने बताया कि मन की बात के सभी एपिसोड में एक अंतर्निहित विषय रहा लोगों के साथ संबंध स्थापित करना। प्रधान मंत्री एक ऐसा वातावरण निर्माण करने के लिए जाने जाते हैं जहां लोग उनसे खुलकर बात कर सकते हैं। सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि सभी प्रसारणों का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण के साथ चरित्र-निर्माण करना है। ‘सेल्फी विद डॉटर’ अभियान के माध्यम से बालिकाओं की गरिमा को बढ़ावा देने का अभियान हो, #StatueCleaning अभियान के माध्यम से हमारे नायकों को श्रद्धांजलि देना या ‘फिटइंडिया’ अभियान के माध्यम से फिटनेस के बढ़ावा देना, सभी का उद्देश्य चरित्र निर्माण था। उनके भरोसा देने वाले शब्द नागरिकों के लिए उत्साहजनक और सुकून देने वाले रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने संस्कृति, लोक परंपराओं, भाषा, लोगों की कहानियां और त्यौहार जो पहले मुख्यधारा में शामिल नहीं थे उनसे अवगत करवाने के लिए प्रभावी ढंग से इस मंच का उपयोग किया है। उन्होंने उन लोगों और उन क्षेत्रों को शामिल किया, जो भारत गाथा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सुदूर स्थनों की हमारी संस्कृति, कहानियों और परंपराओं के बारे में बात की। उन्होंने सफलतापूर्वक विभिन्न पीढ़ियों के बीच एक पुल बनाया है और उन सभी को एक मंच पर लाने का प्रयास किया। मन की बात के माध्यम से प्रसारित बातचीत और विचारों ने राष्ट्रीय पुनरुत्थान को गति दी है। मन की बात कार्यक्रम के हर ऐपिसोड में श्रोताओं की संख्या बढ़ी है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से आज 95 प्रतिशत खिलौना उद्योग घरेलू उद्योग बन गया है। घरेलू पर्यटन को बढ़ावा मिला है। जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ी है। ‘अमृत सरोवरों’ का निर्माण कार्य इसका एक जीता-जागता उदाहरण हैं। पर्यावरण संरक्षण एक आंदोलन बना है। स्वच्छता अभियान सफल हुआ है। कोरोना प्रबंधन में सहायता मिली है। टीकाकरण अभियान एक जनआंदोलन बना देश में रिकॉर्ड टीकाकरण संभव हुआ। कठिन परिस्थितियों में भी देश का मनोबल बना रहा है। कोरोना काल में ऑक्सीजन पहुंचाने जैसे सराहनीय कार्य के लिए प्रधानमंत्री ने ट्रक ड्राईवर एवं पायलट से इस कार्यक्रम के माध्यम से बात कर उनका मनोबल बढ़ाया तथा देश के सामने सराहनीय कार्य करने वालों का उत्साहवर्धन किया। ‘हर घर तिरंगा अभियान’, सामूहिक भागीदारी एवं राष्ट्रव्यापी उत्सव में परिवर्तित हुआ। बताते चलें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में सत्ता संभालने के बाद रेडियो पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम की घोषणा की थी। इसके जरिए वो देश को लोगों से विभिन्न विषयों पर बात करते हैं और अपने सुझाव रखते हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद अनुराग शर्मा ने जानकारी देते हुये बताया कि कल दिनांक 30 अप्रैल 2023 को महारानी लक्ष्मीबाई पैरामेडिकल कॉलेज झाँसी के ऑडिटोरियम में “मन की बात” कार्यक्रम के 100वें संस्करण के प्रसारण को वृहद रूप से भारी संख्या में एकत्रित होकर सुनेंगें ।
रिपोर्ट– मुकेश वर्मा/गोलू महाराज






