झांसी।श्री राम जन्मोत्सव महोत्सव अयोध्या में आयोजित आमंत्रण खेल प्रतियोगिताओं के अन्तर्गत प्रदेश स्तरीय मल्लखम्ब प्रतियोगिता झांसी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता में संपूर्ण प्रदेश से श्रेष्ठ 8 जिलों के खिलाड़ियों में झांसी, ललितपुर, आगरा, बनारस, हाथरस, लखनऊ, कानपुर एवं कासगंज को आमंत्रित किया गया था, जिसमें झांसी ने अपना दबदबा बनाए रखा और प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के खेल मंत्री डॉ गिरीश चंद्र यादव एवं उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ आनंदेश्वर पांडे के समक्ष मल्लखम्ब का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर खिलाड़ियों ने अतिथियों को अचंभित कर दिया। मल्लखम्ब का हैरतअंगेज प्रदर्शन देख खेल मंत्री श्री यादव ने मल्लखम्ब को प्रदेश स्तरीय खेलों की सूची में जोड़ने का आश्वासन दिया एवं खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण कर सम्मानित किया। मल्लखम्ब के सफल आयोजन के लिए एमेच्योर मल्लखम्ब एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के महासचिव रवि प्रकाश परिहार एवं कोषाध्यक्ष अनिल कुमार पटेल को भी खेल मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। झांसी की टीम में सोनिया कुशवाहा, गुन गुन श्रीवास, पायल गौतम ,अंशिका कुशवाहा, ईश्वरी कुशवाहा, आरबी सिंह,आरुषि, कृष्ण कुमार त्रिपाठी, गोलू रायकवार ,बचन सिंह परमार ,अनुज यादव, ओम साहू, गोविंद देव रिछारिया आदि ने टीम कोच धीरज वर्मा व नगेंद्र वर्मा की अगुवाई में शानदार प्रदर्शन किया। यह जानकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव कुमार सरावगी ने दी है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा






