झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मी गेट बाहर मकान मालिक के यहां चल रहे निर्माण कार्य के दौरान शटरिंग से बल्ली गिरने पर किराएदार की मासूम बालिका की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी मुताबिक लक्ष्मी गेट बाहर निवासी अरविंद खटीक कमल सिंह के यहां किराए के मकान में रहते है। कमल सिंह के मकान में निर्माण कार्य चल रहा है। जिसमें शटरिंग लगी हुई थी। शुक्रवार की दोपहर को अरविंद की पांच वर्षीय पुत्री कामिनी घर के बाहर खेल रहे थी। शटरिंग में से एक बल्ली ऊपर से गिरकर कामिनी के सर पर जा लगी। जिससे कामिनी गंभीर घायल हो गई। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने कार्यवाही शुरू कर दी है। वही मृतक बालिका के परिजनों ने निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार की लापरवाही का आरोप लगाया है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा






