झांसी। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, झाँसी कृष्ण पाल सिंह द्वारा अवगत कराया गया है कि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उ0प्र0 लखनऊ द्वारा वर्ष 2024 में ’’विश्व दिव्यांग दिवस’’ 03 दिसम्बर 2024 के अवसर पर दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा 12 प्रकार की श्रेणियों में ’’राज्य स्तरीय पुरस्कार’’ प्रदान किया जाएगा। राज्य स्तरीय पुरस्कार नियमावली-2017 के अन्तर्गत पुरस्कार हेतु दक्ष दिव्यांग कर्मचारी/ स्वनियोजित दिव्यांगजन के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार, दिव्यांग हेतु सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता तथा सर्वश्रेष्ठ प्लेसमेंट अधिकारी या एजेंसी के लिए सेवायोजकों को राज्य स्तरीय पुरस्कार, दिव्यांगजन के निमित्त कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति तथा सर्वश्रेष्ठ संस्था के लिये राज्य स्तरीय पुरस्कार, प्रेरणास्रोत हेतु राज्य स्तरीय पुरस्कार, दिव्यांगजन के जीवन सुधारने के निमित्त सर्वश्रेष्ठ नवीन अनुसंधान या उत्पाद विकास के लिये राज्य स्तरीय पुरस्कार, दिव्यांजन हेतु ‘‘बाधामुक्त वातावरण के सृजन हेतु सर्वश्रेष्ठ कार्य के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार, दिव्यांजन को पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने वाले सर्वश्रेष्ठ जिला के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ सृजनशील दिव्यांग व्यस्क व्यक्तियों एवं सर्वश्रेष्ठ बालक/बालिका हेतु राज्य स्तरीय पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ ब्रेलप्रेस के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार, दिव्यांजन के लिए सर्वोत्तम अनुकूल वेबसाइट हेतु राज्य स्तरीय पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार एवं दिव्यांगजन के सशक्तीकरण हेतु कार्यरत अधिकारी/कर्मचारी के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार की श्रेणियां निर्धारित हैं। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी द्वारा यह भी अवगत कराया गया है कि राज्य स्तरीय पुरस्कार नियमावली-2017 के अन्तर्गत पुरस्कार हेतु आवेदन करने की पूर्ण प्रक्रिया का विवरण एवं आवेदन-पत्र दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की बेबसाइट uphwd.gov.in पर उपलब्ध है। इच्छुक संस्थायें एवं दिव्यांगजन विभाग की बेबसाइट से आवेदन-पत्र डाउनलोड कर आवेदन-पत्र के साथ अपना पूर्ण जीवन का विवरण, दिव्यांगता दर्शाती फोटो, शैक्षिक योग्यता प्रमाण-पत्र, प्रशस्ति पत्र, दिव्यांगता के क्षेत्र में अथवा दिव्यांगजनों के हितार्थ किये गये कार्यो का विवरण फोटोग्राफ्स सहित संलग्न कर दो प्रतियों में आवेदन-पत्र दिनांक 30 जून 2024 तक कार्यालय, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, विकास भवन, झाँसी में जमा कराना सुनिश्चित करें।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा






