Home Uncategorized वंदे मातरम के साथ भाजपा की कार्ययोजना बैठक प्रारंभ तिरंगा यात्रा

वंदे मातरम के साथ भाजपा की कार्ययोजना बैठक प्रारंभ तिरंगा यात्रा

27
0

 

झांसी। गुरसराएं के विराज पैलेस में भारतीय जनता पार्टी की आगामी अभियानों से संबंधित कार्ययोजना बैठक वंदे मातरम के साथ प्रारंभ हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने की और मुख्य वक्ता के रूप में क्षेत्रीय महामंत्री एवं जिला प्रभारी संत विलास शिवहरे ने संबोधित किया।

मंचासीन अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्य वक्ता संत विलास शिवहरे ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है जो राष्ट्र सेवा और सांस्कृतिक चेतना पर आधारित है।

उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन परिवारवाद पर नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और सिद्धांतों पर खड़ा है।

उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत पूरे जिले में भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी जो देशभक्ति का संदेश लेकर घर-घर तक पहुंचेंगी। यह यात्राएं केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनचेतना का माध्यम बनेंगी और देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता की भावना को सशक्त करेंगी।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को यह दिवस मनाना केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक और नैतिक कर्तव्य है।

“भारत विभाजन के समय लाखों लोगों ने बलिदान दिया। उन पीड़ाओं और संघर्षों को स्मरण कर नई पीढ़ी को जागरूक करना आवश्यक है। यह आयोजन गांव-गांव और गली-गली तक हो ताकि देश को जोड़ने वाला भाव और भी मजबूत हो।”

मतदाता पुनरीक्षण अभियान पर शिवहरे ने कहा

“हर कार्यकर्ता को यह समझना होगा कि लोकतंत्र में हर वोट की अहमियत है। अगर किसी का नाम मतदाता सूची में नहीं है, तो उसका सबसे बुनियादी अधिकार छिन जाता है।

इसलिए हम सभी को अपने-अपने बूथों पर सक्रिय होकर यह सुनिश्चित करना है कि एक भी पात्र मतदाता छूटने न पाए।

हमें यह अभियान ऐसा चलाना है कि वह सिर्फ औपचारिकता न लगे, बल्कि जनभागीदारी और जागरूकता से भरा जनआंदोलन बने।”

जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने बैठक में कहा कि आने वाले दिनों में भारतीय जनता पार्टी के लिए कई महत्वपूर्ण आयोजन और दायित्व सामने हैं, जिन्हें पूरी गंभीरता और संगठित प्रयासों के साथ निभाना है।

उन्होंने कहा कि यह समय केवल कार्यक्रम करने का नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लक्ष्यों को लेकर हर कार्यकर्ता के योगदान का समय है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे समाज के हर वर्ग में जाकर संवाद करें और पार्टी की नीति व राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।

उन्होंने निर्देशित किया कि हर मंडल में कार्यशालाएं हों और कम से कम एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाए, जिसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो।

मतदाता पुनरीक्षण पर विशेष बल देते हुए उन्होंने कहा:

“अगर हमें चुनाव में जीत सुनिश्चित करनी है तो हमें मतदाता सूची को लेकर बेहद सतर्क रहना होगा। मतदाता पुनरीक्षण अभियान तभी सफल होगा जब हम इसमें वरिष्ठ और अनुभवी कार्यकर्ताओं को लगाएंगे। एक-एक वोट की कीमत हमें समझनी होगी। कई बार हम पूरी मेहनत करते हैं लेकिन जब वोट डालने जाते हैं तब पता चलता है कि नाम वोटर लिस्ट में ही नहीं है। इसलिए यह अभियान सबसे अहम है — और हमें इसे अत्यंत गंभीरता से लेना है।”

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष उदय लोहारी ने किया।

मंचासीन अतिथियों में गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, प्रमोद चतुर्वेदी शामिल रहे।

प्रमुख उपस्थिति में जिला मीडिया प्रभारी सहजेंद बघेल, नीरज शीला सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के समापन पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष भानु सर्वइया और मंडल उपाध्यक्ष धीरेन्द्र झा के निधन पर शोक सभा आयोजित की गई, जिसमें दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here